रांची: झारखंड हज हाउस, कडरू में शनिवार को जरूरतमंद और आम लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान करीब 300 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में लगभग 10 चिकित्सकों और करीब 20 सदस्यीय चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। जांच के दौरान लोगों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और आंखों की जांच की गई। जरूरत के अनुसार मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। आंखों की जांच के दौरान चश्मे की आवश्यकता वाले लोगों की भी पहचान की गई।
10 चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
शिविर में डॉ. सैयद एजाज हाशमी, डॉ. मोहम्मद खुर्शीद, डॉ. अब्दुल मोईज, डॉ. मोहम्मद सैफुल्लाह इस्लाम, डॉ. एम.डी. सैफुल इस्लाम, डॉ. जावेद अनवर, डॉ. सैयद मुसाब हुसैन, डॉ. दानिश हलीम, डॉ. सबा इकबाल, डॉ. समन हलीम, मोहम्मद सईद और हर्षिता कुमारी सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। शिविर के आयोजन में इकबाल इंजीनियर साहब की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग और प्रयास से स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
हर 15 दिन में आयोजित होगा स्वास्थ्य शिविर
झारखंड राज्य हज समिति के संयुक्त सचिव गुलाम समदानी ने कहा कि हज हाउस केवल हज यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के कल्याण के लिए भी लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर हर 15 दिनों के अंतराल पर हज हाउस में आयोजित किए जाएंगे, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। हज हाउस से आगे भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
लोगों ने की पहल की सराहना
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।




