रेड सी इंटरनेशनल स्कूल के पहले बोर्ड बैच ने रचा सफलता का इतिहास

रेड सी इंटरनेशनल स्कूल के प्रथम सीबीएसई बोर्ड बैच के सभी छह सफल विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट, मोमेंटो और रिस्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची, 22 अगस्त 2026: मेन रोड स्थित होटल केन में रेड सी इंटरनेशनल स्कूल, आज़ाद बस्ती के प्रथम बोर्ड बैच के सफल विद्यार्थियों के सम्मान में गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। स्कूल के पहले सीबीएसई बोर्ड परीक्षा बैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी छह विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में सफल विद्यार्थियों में ज़िकरा आलिया ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सारा नाज़ ने 86 प्रतिशत, असफ़ा ज़रा ने 84 प्रतिशत, ऑफ़िया अंजुमन ने 82 प्रतिशत, अरफ़ा ने 68 प्रतिशत और तहसीन तैबा ने 66 प्रतिशत अंक हासिल किए। सभी सफल विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट, मोमेंटो और रिस्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया। स्कूल टॉपर ज़िकरा आलिया को विशेष रूप से ट्रॉली ब्रीफकेस प्रदान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।

वेलकम सॉन्ग से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

समारोह की शुरुआत कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वेलकम सॉन्ग से हुई। इसके बाद स्कूल की प्रिंसिपल सोनी सितारा केरकेट्टा ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्कूल के प्रथम बैच के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे स्कूल का नाम रोशन किया है। उन्होंने स्कूल की पूरी टीम, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। प्रिंसिपल ने कहा कि रेड सी इंटरनेशनल स्कूल के पहले बैच ने शहर के बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों के विद्यार्थियों के बराबर शानदार प्रदर्शन किया है, जो पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व की बात है।

शिक्षा की रोशनी हर बच्चे तक पहुंचाने का प्रयास : डॉ. एम.एन. जुबैरी

स्कूल के सरपरस्त डॉ. एम.एन. जुबैरी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन रेड सी इंटरनेशनल स्कूल के लिए बेहद खास है। पहले बोर्ड बैच के विद्यार्थियों ने अच्छे अंक हासिल कर अपने माता-पिता और शिक्षकों के साथ पूरे स्कूल का मान बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत, बच्चों की लगन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना रहा है कि शिक्षा के माध्यम से जिस मुकाम तक वे स्वयं पहुंचे हैं, उसी शिक्षा की रोशनी को अपने क्षेत्र के बच्चों तक पहुंचाया जाए।

इसी सोच के साथ आज़ाद बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर इंग्लिश मीडियम शिक्षा को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल छह विद्यार्थियों की सफलता नहीं है, बल्कि यह प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, बेहतर माहौल और मेहनत का अवसर मिलने पर बच्चे किसी भी बड़े स्कूल के विद्यार्थियों से पीछे नहीं हैं।

शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्कूल की निदेशक डॉ. तनवीर बदर, डॉ. ज़ीनत कौसर, विजिटिंग फैकल्टी लिज़म लेज़, ग़ालिया असाका, मो. सलाहुद्दीन, शोएब रहमानी, अली जुबैरी, तनवीर अहमद सहित शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिंसिपल सोनी सितारा केरकेट्टा और हेड इंचार्ज सना अनाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कक्षा 10वीं की शिक्षिकाओं एवं स्कूल से जुड़े अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी आयोजन में सहयोग किया। बेनज़ीर और शजरा ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया।

समारोह के अंत में स्कूल प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि रेड सी इंटरनेशनल स्कूल की शैक्षणिक यात्रा की मजबूत शुरुआत है। स्कूल आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *