रांची : दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को आवागमन और ठहरने में परेशानी न हो, इसके लिए 16 अक्टूबर से पांच रूटों पर सिटी बसों का निःशुल्क संचालन किया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम के 10 आश्रयगृहों में मुफ्त रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। शहर के सुलभ शौचालय भी 24 घंटे खुले रहेंगे, जहां श्रद्धालु निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
Read More : धनबाद में हत्या के आरोपी ने दरोगा की पिस्टल छीनी, भागने के दौरान चली गोली
पांच रूटों पर चलेंगी मुफ्त सिटी बसें
रांची नगर निगम दुर्गा पूजा के दौरान पांच रूटों पर सिटी बसों का संचालन करेगा। इनमें गोंदलीपोखर से रांची, तुपुदाना से रांची, कांके से रांची, ओरमांझी से रांची और पंडरा रोड में रिंग रोड से रांची के बीच का रूट शामिल है। इस व्यवस्था से शहर के अलग-अलग इलाकों से आनेवाले श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। मुफ्त बस सेवा से लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
10 आश्रयगृहों में मुफ्त रात्रि विश्राम
दुर्गा पूजा के दौरान दूसरे क्षेत्रों से रांची आनेवाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए नगर निगम के 10 आश्रयगृहों में निःशुल्क रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। इससे रात में शहर में रुकनेवाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के सुलभ शौचालयों को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है। श्रद्धालु इन शौचालयों का इस्तेमाल बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे।
24 घंटे सक्रिय रहेगा नगर निगम का कंट्रोल रूम
पूजा के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और नगर निगम की अन्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर दर्ज कराई जा सकेगी। नगर निगम के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की व्यवस्था रहेगी, ताकि पूजा के दौरान लोगों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
175 पूजा पंडालों के लिए तैनात होंगे 1200 सफाईकर्मी
दुर्गा पूजा के दौरान शहर के 175 पूजा पंडालों के आसपास सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1200 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक पूजा पंडाल के लिए अलग-अलग समर्पित टीम बनाई गई है। ये टीमें संबंधित पंडालों के आसपास साफ-सफाई का ध्यान रखेंगी। नगर निगम का उद्देश्य पूजा के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखना और श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।



