रांची के कस्तूरबा स्कूल में छात्राओं को सिखाए ऑनलाइन सुरक्षा के तरीके

रांची : बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के खतरों से बचाने तथा उनके बीच डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से शुक्रवार को कांके स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम

रांची

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के खतरों से बचाने तथा उनके बीच डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से शुक्रवार को कांके स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को ऑनलाइन अपराधों से बचाव, शिकायत निवारण तंत्र और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी बच्चों को जागरूक किया गया।

Read More : कांके में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की नई कमेटी गठित, सहदेव मुंडा बने अध्यक्ष

साइबर अपराध और ऑनलाइन खतरों से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में बताया। उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर बुलिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक शिक्षा, ज्ञान और संवाद का सशक्त माध्यम है, लेकिन इसका असावधानी से इस्तेमाल कई तरह के जोखिम पैदा कर सकता है। इसलिए अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सतर्क रहना चाहिए। अपना पासवर्ड और निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही संदिग्ध लिंक और संदेशों पर क्लिक करने से बचना चाहिए।

ऑनलाइन उत्पीड़न होने पर चुप न रहें बच्चे

कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि यदि कोई बच्चा ऑनलाइन दुर्व्यवहार, धमकी, ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलिंग या किसी अन्य आपत्तिजनक गतिविधि का शिकार होता है, तो उसे डरने या चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी देनी चाहिए और उचित माध्यम से शिकायत दर्ज करानी चाहिए। छात्राओं को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के बारे में भी बताया गया। पीएलवी अनुपम तिवारी और अन्य सदस्यों ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित ऑनलाइन वातावरण तैयार करना सरकार, प्रशासन, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नुक्कड़ नाटक से दिया सुरक्षित बचपन का संदेश

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके में नुक्कड़ नाटक के जरिए भी छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन अपराधों की पहचान करने में सक्षम बनाना और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना संकोच शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित करना था।

पोक्सो एक्ट के प्रावधानों की भी दी गई जानकारी

डालसा की टीम ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ओर से संचालित ‘सुरक्षित बचपन’ योजना के तहत भी बच्चों को जागरूक किया। डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और बाल यौन शोषण जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के प्रति समाज को जागरूक करना डालसा, रांची की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ‘सुरक्षित बचपन’ अभियान के तहत बच्चों के संरक्षण और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। इसके अंतर्गत यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पोक्सो एक्ट) के प्रावधानों की जानकारी आम लोगों, अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

डालसा टीम के सदस्य और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में डालसा टीम के डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, पीएलवी अनुपम तिवारी, गणेश कुमार, अमित बड़ाईक, हरिराम करमाली, अलमा एक्का, बबिता कुमारी, भानु देवी, मालती देवी, देवंती कुमारी, सरिता कुमारी और सुमति कुमारी उपस्थित थीं। इस अवसर पर केजीबीवी कांके के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं भी मौजूद रहीं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *