रांची : झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की कांके प्रखंड कमेटी का गठन किया गया। इसके लिए सुकुरहुटू स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा टांड में विस्तारित बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहदेव सिंह मुंडा को प्रखंड अध्यक्ष और रंथू उरांव को सचिव चुना गया। नई कमेटी में मुकुल नायक और फलिंदर मुंडा को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं, अपर्णा बाडा को महासचिव, बैद्यनाथ महतो को संगठन सचिव और अरुणा बाडा को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा संजय पहान, दीनदयाल लोहरा, जितेंद्र उरांव, रामवृक्ष महतो और बशारत अंसारी को कमेटी का सदस्य बनाया गया।
Read More : रामगढ़ की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी BFCL की पहल, ब्यूटीशियन ट्रेनिंग शुरू
आंदोलनकारियों के सम्मान और पेंशन की मांग
इस मौके पर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल के प्रभारी अंथन लकड़ा, विनीत लकड़ा और अमित पॉल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक में झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान और अलग पहचान देने की मांग उठाई गई। साथ ही उनके बाल-बच्चों और आश्रितों के लिए रोजगार एवं नियोजन की शत-प्रतिशत गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की गई। मोर्चा ने अबुआ सरकार से जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन के रूप में 50-50 हजार रुपये देने की भी मांग की।


