नई दिल्ली : PM नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में ‘अन्नपूर्णा योजना’ की चौथी किस्त जारी की। इस अवसर पर वर्चुअली माताओं और बहनों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज कई महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक मदद मिल रही है, जिसमें कोई बिचौलिया या कट मनी नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए लगातार और तेजी से काम किया जा रहा है।
Read More : विश्वकर्मा पूजा पर राज्यपाल-सीएम ने दीं शुभकामनाएं, की समृद्धि की कामना
1.5 करोड़ बहनों के खाते में पहुंचे पैसे
पीएम मोदी ने बताया कि अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त के तहत बंगाल की लगभग 1.5 करोड़ बहनों के बैंक खातों में हर महीने की तरह 3,000 रुपये की राशि पहुंच रही है। इस योजना के जरिए बहनों के खातों में हर महीने एक निश्चित रकम जमा होगी, जिससे उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हमारा विजन बंगाल की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि उनके पास फैसले लेने की ताकत और आगे बढ़ने का साहस हो।
महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी योजना
प्रधानमंत्री ने कहा कि घर की माताओं और बहनों के कंधों पर कई जिम्मेदारियां होती हैं। जब उनके जरूरी खर्चों की चिंता कम हो जाती है, तो उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ जाता है। उन्होंने योजना के सभी लाभार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की आधिकारिक घोषणा 19 मई 2026 को की गई थी, जबकि योजना की शुरुआत 1 जून 2026 से हुई। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।



