हजारीबाग : झारखंड में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी है। बुधवार की रात अज्ञात अपराधियों ने कोल माइंस की कंपनी के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की यह घटना हजारीबाग जिले के केरेडारी स्थित चट्टी बारियातू कोल माइंस की एमडीओ कंपनी ऋत्विक माइनिंग के गेट पर हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। इसमें बाइक पर सवार दो संदिग्ध घटना के बाद भागते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।’
Read More : बोकारो पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, स्व. शांति सिंह को दी श्रद्धांजलि
सोशल मीडिया पर प्रकाश शुक्ला ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी
दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर प्रकाश शुक्ला नाम के व्यक्ति ने पोस्ट कर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में ऋत्विक माइनिंग कंपनी के गेट पर आठ से दस राउंड गोलियां चलाने की बात कही गई है। इस पोस्ट में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, मुंशियों और अन्य स्टाफ को धमकी दी गई है। साथ ही काम बंद कराने की चेतावनी देते हुए साइट पर बम फेंकने की धमकी भी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
राहुल दुबे गैंग के नाम से कथित पर्चा वायरल
फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक कथित पर्चा भी वायरल हुआ है। इसमें कंपनी से जुड़े सतीश नाम के व्यक्ति को संबोधित किया गया है। पर्चे में सेटलमेंट नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। इस पर राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम लिखे हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों में कंपनी को निशाना बनाने और कामकाज बंद कराने की धमकी दी गई है। हालांकि, इन संदेशों की सत्यता और गोलीबारी से इनके संबंध की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
CCTV फुटेज से संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह, बाइक सवार संदिग्धों की पहचान और सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों की भूमिका की जांच कर रही है। पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी करने का भरोसा जताया है।






