पलामू: छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में शराब पीने के बाद हुए विवाद में ससुर ने अपने दामाद की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दामाद का शव मकई के खेत से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
also read : दुर्गापूजा के दौरान सुगम यातायात, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था एवं स्वच्छ-सुंदर शहर को लेकर प्रशासन की तैयारी
मृतक की पहचान 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है। वहीं, हत्या का आरोपी उसका ससुर जगदेव भुइयां बताया जा रहा है। घटना की पुष्टि छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने की है।
थाना प्रभारी सौरभ कुमार के अनुसार, बीती रात गांधी भुइयां और उसके ससुर जगदेव भुइयां एक साथ शराब पीने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान जगदेव भुइयां ने कुल्हाड़ी से गांधी भुइयां पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
इसके बाद गांधी भुइयां का शव मकई के खेत में छिपा दिया। घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
also read : शिबू सोरेन का होर्डिंग गिरने पर सीता सोरेन नाराज, कार्रवाई की मांग









