रांची। राजधानी रांची से सटे ओरमांझी थाना क्षेत्र के हतवाल गांव में शनिवार एक जंगली हाथी अचानक आबादी क्षेत्र में घुस आया। हाथी के हमले में 70 साल के जयपाल महतो घायल हो गये। लहूलुहान जयपाल को रिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है। खबर है कि जंगली हाथी नदी पार कर हतवाल गांव की ओर पहुंचा था। इसी दौरान वह ग्रामीणों के संपर्क में आ गया और जयपाल महतो उसकी चपेट में आ गये। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ओरमांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुये डॉक्टरों ने उन्हें रिम्स रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
वन विभाग ने दी तत्काल 10 हजार रुपये कीआर्थिक सहायता
वन विभाग ने मानवीय आधार पर घायल के इलाज के लिये तुरंत 10 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई है। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार आगे मुआवजे की प्रक्रिया भी पूरी की जायेगी। घटना के बाद जंगली हाथी नदी के आसपास ही डेरा जमाये हुये है, जिससे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी भगाओ दस्ता मौके पर पहुंच गया है। टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुये है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी के पास जाने का प्रयास न करें, उसे किसी भी तरह उकसायें नहीं, नदी और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें।




