रांची : झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को शहरवासियों को बिजली कटौती के साथ-साथ पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। मेंटेनेंस और पाइपलाइन मरम्मत कार्य के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, रुक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत के चलते दोपहर 2 बजे तक राजधानी के एक बड़े हिस्से में पानी की सप्लाई नहीं होगी।
Read More : JH Live की खबर का असर : पंडरा बाजार की समस्याओं पर टीम तुलसी सक्रिय, जल्द पहुंचेगी मंत्री
50 साल पुरानी राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत जारी
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बूटी प्रमंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रुक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत का काम किया जा रहा है। यह पाइपलाइन करीब 50 साल पुरानी है और जर्जर होने के कारण इसमें अक्सर लीकेज की समस्या आती रहती है। बार-बार होने वाले लीकेज और जलापूर्ति की बाधा को खत्म करने के उद्देश्य से यह मेंटेनेंस वर्क कराया जा रहा है।
दोपहर 2 बजे तक नहीं आएगा पानी, कर लें इंतजाम
पाइपलाइन मरम्मत के चलते बुधवार दोपहर 2 बजे तक रांची के बड़े हिस्से में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी। विभाग ने रुक्का जलशोध संस्थान से पानी पाने वाले इलाकों के निवासियों को सलाह दी है कि वे जरूरत के हिसाब से पानी का भंडारण पहले से कर लें ताकि दैनिक कार्यों में परेशानी न हो।
अशोकनगर, आरएमसीएच और हटिया में बिजली गुल
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के अनुसार, 33/11 केवी विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल अशोकनगर में दोपहर 12 बजे से 3:30 बजे तक मेंटेनेंस के कारण बिजली बंद रहेगी। इससे अशोकनगर, एक्सटेंशन, अशोक कुंज, सेंट्रल अशोका, रामदेव विहार, मोहन और गोपाल मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स तथा अरगोड़ा चौक के आसपास के इलाके प्रभावित होंगे। वहीं, 33/11 केवी अवर प्रमंडल आरएमसीएच (RMCH) क्षेत्र में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नवीन मित्रा रोड, मधुरेणु अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। इसके अलावा, 33/11 केवीए पावर हाउस तुपुदाना से जुड़े अपर हटिया, एकता नगर, लोअर हटिया और ओबरिया रोड क्षेत्र में भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पावर कट रहेगा।
ओरमांझी और कटहल मोड़ में भी रहेगा पावर कट
बिजली विभाग के अनुसार, 33/11 केवी सब-डिवीजन ओरमांझी में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी, जिससे विकास बाजार और आसपास का इलाका प्रभावित होगा। वहीं, 33/11 केवी आईटीआई फीडर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेंटेनेंस चलेगा, जिससे मानसरोवर नगर, कटहल मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।






