रांची : राजधानी रांची में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को स्टूडेंट्स मैराथन का आयोजन किया गया। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों के खिलाफ छात्रों और युवाओं की आवाज को बुलंद करना तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जनजागरण करना था।
Read More : रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में शामिल हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिब, कन्हैया कुमार, झारखंड सरकार में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी और सुबोध कांत सहाय सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाओं और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग से जुड़े संदेश भी दिए।
पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का अभियान
कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिब ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान देश में बढ़ते पेपर लीक मामलों के खिलाफ युवाओं की आवाज को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
Read More : रांची नगर निगम बोर्ड बैठक में 24 एजेंडों पर चर्चा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी और पेपर लीक माफिया के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उदयभान चिब ने कहा कि देश का युवा मेहनत करता है, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उसकी उम्मीदें टूटती हैं और कांग्रेस इस मुद्दे पर छात्रों के साथ खड़ी है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
झारखंड सरकार में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा की समस्या नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था की गंभीर कमजोरी का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि कई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में भी गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को सरकार और संसद तक पहुंचाना तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाना है। शिल्पी नेहा तिर्की ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
Read More : स्वास्थ्य व्यवस्था पर राजनीति छोड़, भाजपा अपने शासनकाल का हिसाब दे : आलोक कुमार दूबे
वहीं, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से आयोजित नहीं हो रही हैं, जिससे प्रतिभाशाली छात्रों का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को समान अवसर दिलाने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।




