रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के बयान को तथ्यों से परे, भ्रामक और राजनीतिक निराशा से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता की चिंता कम और राजनीतिक सुर्खियां बटोरने की चिंता अधिक है।
श्री दूबे ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि कहीं कोई शिकायत या अनियमितता सामने आती है तो राज्य सरकार उसे गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करती है। किसी एक घटना के आधार पर पूरे स्वास्थ्य तंत्र को बदनाम करना जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भाजपा यह भूल गई है कि झारखंड में सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने का अवसर उसी दल को मिला। उस दौरान न तो स्वास्थ्य अधोसंरचना का अपेक्षित विस्तार हुआ और न ही ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं विकसित की गईं। आज जिन समस्याओं की चर्चा भाजपा कर रही है, उनमें से अधिकांश उसकी अपनी नीतियों और वर्षों की उपेक्षा का परिणाम हैं।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यदि कहीं भी भ्रष्टाचार, अवैध वसूली अथवा लापरवाही की शिकायत मिलती है तो सरकार उसे गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को केवल आरोप लगाने के बजाय यह भी बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए कितना अतिरिक्त सहयोग दिया है। जनता आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि समाधान चाहती है।
कहा कि कांग्रेस और झामुमो गठबंधन सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े और जरूरतमंद परिवारों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करने के बजाय रचनात्मक सुझाव दें। झारखंड की जनता विकास, जवाबदेही और सकारात्मक राजनीति चाहती है, न कि निराधार आरोपों की।



