रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के मध्यस्थता केंद्र में करीब 3 साल पुराने पारिवारिक विवाद का समाधान मध्यस्थता के जरिए हो गया। ओ.एस. वाद संख्या 705/2026 को अधिवक्ता मध्यस्थ अमरेंद्र कुमार ओझा, प्रथम पक्ष के अधिवक्ता अशित चक्रवर्ती और द्वितीय पक्ष के अधिवक्ता ए.के. सिंह के संयुक्त प्रयास से सुलझाया गया। यह मामला प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय-1 पवन कुमार-1 के न्यायालय से मध्यस्थता के लिए रांची मध्यस्थता केंद्र भेजा गया था। डालसा सचिव राकेश रौशन ने मामले को सुलझाने के लिए अधिवक्ता मध्यस्थ अमरेंद्र कुमार ओझा को निर्देशित किया था।
Read More : रांची में 4 अक्टूबर को ई-कोर्ट्स और CIS का प्रशिक्षण कार्यक्रम
विवाह के बाद करीब 1.6 साल से अलग रह रहे थे दंपति
मामले में प्रथम पक्ष अभिषेक कुमार ने अपनी पत्नी को वापस साथ लाने के लिए विवाह पुनर्स्थापना अधिनियम-09 के तहत न्यायालय में वाद दायर किया था। दोनों की शादी 11 जून 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के बाद दोनों के एक बेटा भी हुआ। आपसी विवाद के कारण पति-पत्नी करीब 1.6 वर्ष से अलग-अलग रह रहे थे।
तीन सिटिंग में बनी बात
मध्यस्थ अमरेंद्र कुमार ओझा और दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने दंपति को आपसी विवाद सुलझाने के लिए समझाया। इसके बाद तीन सिटिंग में मामले का समाधान हो गया और दोनों फिर से साथ रहने के लिए राजी हो गए। मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे और एक-दूसरे के परिवार का सम्मान करने पर सहमति जताई। पत्नी अपने पति का सम्मान करेंगी, जबकि पति अपनी पत्नी की जरूरतों का ध्यान रखेंगे। दोनों ने पुराने विवाद को भूलकर प्रेमपूर्वक साथ रहने पर सहमति जताई।
डालसा सचिव ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मामला सुलझने के बाद डालसा सचिव राकेश रौशन ने दोनों पक्षों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बुके देकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों को एक-दूसरे को मिठाई खिलाने के लिए कहा और भविष्य में विवाद की स्थिति पैदा नहीं होने देने की सलाह दी। डालसा सचिव ने दंपति को अपने बेटे के भविष्य को उज्ज्वल बनाने की भी सलाह दी।









