रांची : ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से आज यानी सोमवार को रांची प्रेस क्लब में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ पर विशेष पुस्तक पाठ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के झारखंड प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई कांग्रेस नेता और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
Read More : पीएम मोदी ने CM सम्राट को दी जन्मदिन की बधाई, बिहार के विकास की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, शशि भूषण राय, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला और जया जायसवाल उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सोनिया गांधी के जीवन और संघर्ष पर हुई चर्चा
पुस्तक पाठ के दौरान सोनिया गांधी की पुस्तक के विभिन्न अंशों को पढ़ा गया। साथ ही उनके जीवन, व्यक्तिगत अनुभवों, संघर्षों, विचारों और राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा पर विस्तार से चर्चा हुई। पुस्तक में शामिल भावनात्मक प्रसंगों और उनके जीवन से जुड़े अनुभवों को भी साझा किया गया। इस अवसर पर आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि सोनिया गांधी की यह पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, त्याग, संघर्ष और प्रेम की कहानी है। इसमें उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ देश की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के कई महत्वपूर्ण पहलुओं को भी सामने रखा गया है। पुस्तक पढ़कर उनके जीवन और विचारों को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने पुस्तक को बताया प्रेरणादायक
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पुस्तक के माध्यम से लोगों को उनके जीवन के कई ऐसे पहलुओं को जानने का अवसर मिलता है, जिनसे आमतौर पर लोग परिचित नहीं हैं। उनके जीवन के अनुभव और विचार समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुस्तक पाठ जैसे कार्यक्रम समाज में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को अपने विचार रखने और दूसरों के विचारों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने इस पुस्तक को मानवीय भावनाओं, रिश्तों, प्रेम और जीवन के अनुभवों से जुड़ी महत्वपूर्ण रचना बताया।
इन लोगों ने किया पुस्तक पाठ
कार्यक्रम में पुस्तक पाठ करने वालों में डॉ. रीमा खलखो, डॉ. सिद्धार्थ, उत्कर्ष मिश्रा, प्रिया थॉमसॉम और एलेन एंड्रू प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राजू राम, प्रभात अग्रवाल, सरवर पॉल, डॉ. सिद्धार्थ, अनिल सिंह, गौरव आनंद, राहुल रे, आसिफ जियाउल और समुद्र गुप्त समेत अन्य लोग उपस्थित थे।






