नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने फाइनेंस और अकाउंट्स डिपार्टमेंट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 52 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। सरकार का कहना है कि यह कदम शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सरकार के अनुसार, ट्रांसफर और पोस्टिंग नीति के तहत उन अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है जो एक ही पद पर पांच वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत थे। इस प्रक्रिया में 23 डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स और 29 सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर शामिल हैं।
19 अधिकारियों को मिला प्रमोशन
दिल्ली सरकार ने 19 सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर को पदोन्नति देकर डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स बनाया है। नई व्यवस्था के तहत ये अधिकारी विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया कि सभी तबादले और पदस्थापन प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। इसका उद्देश्य वित्तीय प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना और विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा सक्रियता बढ़ाना है।
पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन पर जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसा प्रशासनिक ढांचा विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो पारदर्शिता, जवाबदेही, दक्षता और सुशासन के उच्च मानकों पर खरा उतरे। उन्होंने कहा कि शासन के किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, फाइनेंस और अकाउंट्स डिपार्टमेंट में किया गया यह फेरबदल अधिक जवाबदेह, परिणाम-उन्मुख और नागरिक-केंद्रित कार्य संस्कृति विकसित करने की व्यापक पहल का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि समय पर फैसले, बेहतर वित्तीय प्रबंधन और जवाबदेह प्रशासन से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और सार्वजनिक सेवाओं की पारदर्शिता व गुणवत्ता में सुधार होगा।
अधिकारियों को तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
दिल्ली सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती वाले स्थान पर कार्यभार ग्रहण करें और नई जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।




