गोला अंचल कार्यालय में लापरवाही पर डीसी ऋतुराज सख्त, सीओ समेत सभी कर्मियों का वेतन रोका

रामगढ़ के गोला अंचल कार्यालय में बुधवार को डीसी ऋतुराज ने औचक निरीक्षण किया।
डीसी ऋतुराज

रामगढ़ : रामगढ़ के गोला अंचल कार्यालय में बुधवार को डीसी ऋतुराज ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें फाइलों के रखरखाव, लंबित मामलों और कामकाज की गति को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई। स्थिति पर नाराजगी जताते हुए डीसी ने मौके पर ही सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Read More : JPSC का बड़ा फैसला, 25-27 जुलाई की मुख्य परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित

निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एक कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर दिया गया। वहीं अंचल अधिकारी (सीओ) सहित कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

कई शाखाओं की समीक्षा, कार्यशैली सुधारने के निर्देश

डीसी ने स्थापना शाखा, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), राजस्व वसूली, वन अधिकार अधिनियम, आपदा राहत, मिटा पोर्टल तथा जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। अधिकांश शाखाओं में कार्यों की धीमी प्रगति और लंबित मामलों पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यालय की कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने पंजी-2 के रखरखाव और डिजिटाइजेशन का कार्य नियमों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थापना शाखा के अभिलेखों को अद्यतन रखने और भूमि अभिलेखों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।

राजस्व वसूली बढ़ाने और जनता के कार्य समय पर करने के निर्देश

राजस्व वसूली की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर डीसी ने अधिकारियों को विशेष शिविर और अभियान चलाकर वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि और राजस्व से संबंधित सेवाएं आम लोगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाएं। डीसी ऋतुराज ने स्पष्ट कहा कि जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, म्यूटेशन और आपदा राहत जैसे जनहित के मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान गोपनीय शाखा के प्रभारी अधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अंचल कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को पारदर्शी और जनहितकारी प्रशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *