रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने बड़ा फैसला लेते हुए झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने Examination Calendar-2026 में 9 जुलाई 2026 को प्रकाशित शेष सभी प्रस्तावित परीक्षाओं का कार्यक्रम भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। आयोग ने आज यानी बुधवार को अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी हैं।
आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत आयोजित होने वाली यह परीक्षा 25, 26 और 27 जुलाई 2026 को रांची जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होनी थी। हालांकि अंतिम समय में परीक्षा संचालन से जुड़ी अनियमितताओं के कारण इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया।
Read More : जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग में एसपी के नेतृत्व में छापा, सभी वार्डों की हुई जांच
नई परीक्षा तिथि का इंतजार
JPSC की ओर से जारी अधिसूचना में अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट और नई तिथियों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखने की अपील की गई है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब आयोग हाल के दिनों में लगातार विवादों के केंद्र में रहा है। 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष और विभिन्न छात्र संगठनों का विरोध जारी है। बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने भी JPSC कार्यालय का घेराव कर परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। इससे पहले JPSC अध्यक्ष के इस्तीफे की खबर भी सामने आई थी।



