हजारीबाग : शहर में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान लक्ष्मी सिनेमा हॉल के आसपास स्थित होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं सामने आईं।
Read More : JPSC का बड़ा फैसला, 25-27 जुलाई की मुख्य परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों में कृत्रिम फूड कलर के उपयोग की भी जांच की। विभाग ने सभी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिया कि वे केवल भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के तय मानकों के अनुसार ही फूड कलर का इस्तेमाल करें। अधिकारियों ने कहा कि नियमों के विपरीत रंगों का उपयोग लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
जांच के दौरान कुछ मिठाई दुकानों में ऐसे खाद्य उत्पाद मिले, जिन पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी और भविष्य में सभी खाद्य उत्पादों पर जरूरी जानकारी अंकित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने होटल और दुकान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, अच्छी गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों का सुरक्षित तरीके से भंडारण करने की हिदायत दी। साथ ही सभी उत्पादों पर आवश्यक लेबल, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि स्पष्ट रूप से लिखने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे। यदि किसी प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी होटल, रेस्टोरेंट या मिठाई दुकान में खाद्य गुणवत्ता या साफ-सफाई से जुड़ी कोई शिकायत मिले, तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को दें।




