दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र स्थित बरिऔल चौक में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन और पहलाम के बाद रविवार रात हिंसा और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। उपद्रव के दौरान कई घरों, दुकानों और मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उपद्रव के दौरान हिंदुओं के घरों को निशाना बनाया गया।
Read more: बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से दुकानदार की मौत
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
घरों, दुकानों और मंदिर परिसर में तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने बरिऔल चौक और आसपास के इलाकों में उत्पात मचाया। इस दौरान कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। मंदिर की चारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, दुकानों के शीशे तोड़ दिए गए और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कई मकानों की एस्बेस्टस की चादरें भी तोड़ी गईं। रास्ते में मिले कई लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
चार साल पुराने विवाद से जुड़ रहा मामला
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना की पृष्ठभूमि करीब चार वर्ष पहले हुए एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़े विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक संबंधित युवक मोहर्रम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, जहां कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद कुछ लोग उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंचे, जिसके बाद उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना हुई।
एसडीपीओ कमतौल शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहा है तथा मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



