रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से सोमवार को मांडर प्रखंड के महुआजारी पंचायत भवन और गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को नालसा की ‘असंगठित क्षेत्र के कानूनी सेवा योजना-2015’ समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। डालसा टीम ने डोर-टू-डोर अभियान चलाकर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया। अभियान के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं।
Read More : Nobel Prize 2026 : डीसेरोथ, हेगमैन और नागेल को मेडिसिन नोबेल
असंगठित मजदूरों को कानूनी सहायता की जानकारी
कार्यक्रम में बिनिता कुमारी ने ‘नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सेवाएं) योजना-2015’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। कालिन्दर गोप ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में असंगठित क्षेत्र का योगदान काफी बड़ा है। इस क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को अक्सर शोषण, कम मजदूरी और सामाजिक असुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पीएलवी सोनी कुमारी ने बताया कि योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के गरीब और शोषित श्रमिकों को अदालतों और न्यायाधिकरणों में मुफ्त कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। पीएलवी तालिब अंसारी, संजीत उरांव और सुमाती कुमारी ने ग्रामीणों को नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी।
घर-घर जाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
डालसा टीम ने नवाटांड़ गांव में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सहायता के बारे में बताया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना, पीएम किसान योजना, पशुपालन शेड योजना, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन और लेबर कार्ड से संबंधित आवेदन भी लिए गए। अभियान से लगभग 350 लोग जागरूक हुए और योजनाओं से लाभान्वित हुए।
मोबाइल वैन से भी चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम
डालसा के पीएलवी ने मांडर प्रखंड परिसर और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मांडर में मोबाइल वैन के माध्यम से भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान डालसा की बिनिता कुमारी और सुमाती कुमारी ने ग्रामीणों और अन्य लोगों को मध्यस्थता, लोक अदालत और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। पीएलवी बिनिता कुमारी और कालिन्दर गोप ने बताया कि प्रखंड और पंचायत स्तर पर पीएलवी मौजूद रहते हैं। लोग अपनी समस्याएं बताकर उनसे मदद ले सकते हैं।
60 दिनों तक चलेगा जागरूकता अभियान
डालसा का यह 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चरण-1 के तहत चलाया जा रहा है। यह अभियान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा, सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव झालसा रंजना अस्थाना और न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा, रांची अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। अभियान का संचालन डालसा सचिव के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में डालसा टीम के पीएलवी बिनिता कुमारी, सोनी कुमारी, तालिब अंसारी, सोनू सिंह, कालिन्द्र गोप, संजीत उरांव और सुमाती कुमारी समेत महुआजारी गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।





