रांची। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को धुर्वा स्थित राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाला दूरदर्शी नेता बताया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, फिरोज रिजवी मुन्ना, मेंहुल दूबे, कुमुद रंजन, संजीत यादव, अभिषेक साहू और संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
सूचना क्रांति और पंचायती राज के शिल्पकार थे राजीव गांधी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी के भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्रियों में शामिल राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में सूचना क्रांति, युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी, मताधिकार की उम्र सीमा घटाने और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने राजीव गांधी को आधुनिक सोच और दूरदर्शिता वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भविष्य की जरूरतों को समय रहते पहचाना और रोजगार, शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी तथा ग्रामीण विकास को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना। उन्होंने कहा कि जिस दौर में दुनिया तेजी से तकनीकी बदलाव की ओर बढ़ रही थी, उस समय राजीव गांधी ने भारत में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने का साहसिक निर्णय लिया। आज सूचना तकनीक भारतीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत है और देश के सर्विस सेक्टर में रोजगार के बड़े अवसर पैदा हुए हैं।
गांवों तक लोकतंत्र मजबूत करने पर दिया जोर
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राजीव गांधी लोकतंत्र को केवल संसद और विधानसभा तक सीमित रखने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर ग्रामीण जनता को स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना आने वाली पीढ़ियों के भारत का सपना था। कांग्रेस सत्ता में आने पर उनके विचारों और अधूरे सपनों को आगे बढ़ाते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का प्रयास करेगी।
युवाओं और तकनीक पर था भरोसा
डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के युवाओं को 21वीं सदी का सपना दिखाया और कंप्यूटर एवं तकनीक को विकास का आधार बनाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर भी जोर दिया। उनके विचारों और सपनों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजीव गांधी 20वीं सदी में जन्म लेकर 21वीं सदी का सपना देखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने छात्रों और युवाओं को आधुनिक भारत का सपना दिखाया। उनके कार्यकाल में शुरू हुई सूचना क्रांति का प्रभाव आज समाज के लगभग हर क्षेत्र में दिखाई देता है।
बदलते भारत की नई दिशा के शिल्पकार थे राजीव गांधी
प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राजीव गांधी केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि बदलते भारत की नई दिशा के शिल्पकार थे। उन्होंने युवाओं की क्षमता और नई पीढ़ी पर भरोसा किया। सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा और पंचायती राज के क्षेत्र में उनके फैसलों ने भारत को आने वाले दशकों के लिए तैयार किया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि राजीव गांधी को 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाले नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने युवाओं पर भरोसा किया, गांवों को मजबूत किया और सूचना क्रांति के जरिए देश को नई दिशा दी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शिता का प्रभाव आज देश की तकनीकी प्रगति, सूचना क्रांति, पंचायती राज और युवाओं की बढ़ती भागीदारी में दिखाई देता है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और आधुनिक, लोकतांत्रिक एवं समावेशी भारत के निर्माण के लिए काम करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।








