रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने 26 नवंबर को आयोजित होने वाली संविधान रक्षा यात्रा में आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली के खिलाफ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस जनता के बीच जनजागरण अभियान चला रही है। तुपुदाना में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल आलोक कुमार दूबे ने कहा कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के अधिकारों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी के साथ संविधान रक्षा यात्रा को व्यापक अभियान बनाना जरूरी है।
Read More : हवाई किराए में बढ़ोतरी पर इरफान अंसारी ने PM मोदी को लिखा पत्र
SIR और मतदाता सूची में बदलाव पर जताई चिंता
आलोक कुमार दूबे ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत मतदाता सूची में हो रहे बदलावों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए। प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनसे आम जनता की परेशानियां बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि जब लोग सरकार से सवाल पूछते हैं तो उनकी आवाज दबाने के प्रयास किए जाते हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर भी चिंताएं सामने आ रही हैं।
गांव-मोहल्लों तक पहुंचाने की अपील
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान, समानता और न्याय की गारंटी है। इसकी रक्षा करना केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर की संविधान रक्षा यात्रा को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने का आह्वान किया। साथ ही गांव, मोहल्ले और पंचायत स्तर तक लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
बैठक में यात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष अभिषेक साहू ने की। इस दौरान संविधान रक्षा यात्रा की तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राहुल कुमार, विनोद ठाकुर, छोटू बड़ाईक, विनोद सिंह, राहुल सिंह, विजय यादव, अजय सिंह, प्रमोद गुप्ता, दीपक शर्मा, दुर्गा लोहार, राजू मिस्त्री, राजू, सुनीता देवी, मोनिका देवी, मेरी तिर्की, नेहा तिर्की और प्रिया कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।



