रांची: राज्य के सबसे बड़े अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान ( रिम्स) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक चुनौतीपूर्ण ब्रेन सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में मरीज के मस्तिष्क के पिछले हिस्से एवं सेरिबैलम में स्थित एक विशाल Lesion (जो एक परजीवी के विशाल अंडे जैसा प्रतीत हो रहा था) को सफलतापूर्वक निकाला गया है।
सूक्ष्म शल्य तकनीकों की सहायता से सर्जरी सफल
न्यूरो विभाग के हेड डॉ. आनंद प्रकाश ने अत्याधुनिक ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप एवं सूक्ष्म शल्य तकनीकों की सहायता से सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। ऑपरेशन के दौरान मस्तिष्क की महत्वपूर्ण संरचनाओं और संवेदनशील नसों को पूरी तरह सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिन्हा ने दी बधाई
इस जटिल सर्जरी में न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम के साथ एनेस्थीसिया विभाग एवं ऑपरेशन थिएटर के कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। रिम्स न्यूरो सर्जरी विभाग की इस सफलता पर आपरेशन में शामिल पूरी टीम को बधाई देते हुए रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिन्हा ने कहा कि रिम्स में उन्नत न्यूरोसर्जिकल सेवाओं के विस्तार और राज्य के मरीजों को जटिल उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इससे मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत कम होगी और रिम्स पर झारखंडवासियों के भरोसा बढ़ेगा।
also read : विश्वास नगर में ई-रिक्शा पार्किंग में भीषण आग, चार लोगों की मौत, दो झुलसे



