नई दिल्ली: दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक मकान में बनी ई-रिक्शा पार्किंग में भीषण आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग करीब 10 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। घटना गली नंबर-11, यूनिटी मॉल के पास की है। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 4:13 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दमकल की गाड़ियां और क्यूआरवी टीम पहुंची।
सांसद ने मौके पर पहुंचकर ली घटना की जानकारी
सांसद हर्ष मल्होत्रा ने विश्वास नगर स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों, दमकल विभाग के कर्मियों और स्थानीय निवासियों से बातचीत की और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले चार लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घरों में बैटरी चार्जिंग पर जताई चिंता
हादसे पर दुख प्रकट करते हुए मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में ई-रिक्शा बैटरी में आग लगने और विस्फोट होने की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा वर्तमान में राजधानी की ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ (अंतिम छोर तक संपर्क) का एक बेहद महत्वपूर्ण साधन बन चुके हैं, जिससे लाखों लोगों को रोजाना आवागमन की सुविधा मिलती है। हालांकि, सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर हादसों को न्योता दे रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए स्वयं सतर्क रहें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
बिजली कंपनियों के लिए नीति बनाने की मांग
हर्ष मल्होत्रा ने इन हादसों के पीछे के मुख्य कारण को रेखांकित करते हुए कहा कि अक्सर लोग सस्ती घरेलू बिजली के लालच में अपने घरों के भीतर ही ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने लगते हैं, जो बेहद खतरनाक साबित होता है। बंद घरों में बैटरी ओवरहीट होने या शॉर्ट सर्किट की स्थिति में जानलेवा विस्फोट और जहरीले धुएं का खतरा बना रहता है।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को सुझाव दिया कि वे ई-रिक्शा चालकों और मालिकों को सस्ती दरों पर सुरक्षित और अधिकृत रीचार्ज पॉइंट उपलब्ध कराने की नीति पर गंभीरता से विचार करें। उन्होंने कहा कि यदि चालकों को घर के बाहर उचित और किफायती चार्जिंग सुविधा मिलेगी, तो घरों के भीतर होने वाले ऐसे जानलेवा हादसों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सकेगी।
also read :आज देश में ड्रग्स के खिलाफ समाज में जागरूकता बढ़ रही है: प्रधानमंत्री


