दरभंगा/तारडीह : सकतपुर थाने के लगमा गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपने तीन वर्षीय इकलौते बेटे आर्यन कुमार की हंसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया और खुद का गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से सकतपुर थाना क्षेत्र के लगमा गांव में सनसनी फैल गई है। आरोपित अरुण चौपाल के साले गणेश चौपाल ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 10 बजे उनकी बहन रूबी देवी घर के बाहर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान अरुण आंगन में खड़ी अपनी बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था। बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो वह गुस्से में आ गया।
बाप ने तीन साल के बेटे को मार डाला
आरोप है कि इसी दौरान उसने आंगन में चौकी पर बैठे अपने बेटे आर्यन पर हसुआ से हमला कर दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। गणेश चौपाल के अनुसार इसके बाद अरुण ने खुद को भी घायल कर लिया। फिर उसने पत्नी को आवाज देकर बुलाया। जब पत्नी ने उसके हाथ से हथियार छीनने की कोशिश की तो उसने उस पर भी हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान हालत में पति-पत्नी को अस्पताल पहुंचाया गया


