कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले से फूड पॉइजनिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। डोमचांच प्रखंड के मधुबन गांव में बुधवार रात बाजार से खरीदकर लाई गई जंगली बांस की खुखड़ी (मशरूम) खाने से एक ही परिवार के चार बच्चों और एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द और लगातार उल्टी की शिकायत के बाद तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और चारों बच्चों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल, कोडरमा में भर्ती कराया गया है।
Read More : बेजरा पुल का पिलर धंसा, धनबाद-जामताड़ा मार्ग प्रशासन ने बंद किया
बाजार से 400 रुपये किलो खरीदी गई थी खुखड़ी
परिजनों के अनुसार, बच्चों के पिता निर्मल यादव ने बताया कि उन्होंने बाजार से करीब 400 रुपये प्रति किलो की दर से बांस की खुखड़ी खरीदी थी। बुधवार रात जब घर पर खुखड़ी की सब्जी बनाकर खाई गई, तो उसके कुछ ही समय बाद बच्चों और महिला को पेट में मरोड़ और बार-बार उल्टी होने लगी। परिजनों ने स्थिति बिगड़ती देख बच्चों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में इलाजरत बच्चे
सदर अस्पताल में इलाजरत बच्चों में मौसम कुमारी (16), पिता निर्मल यादव, नैतिक कुमार (10), पिता रामानंद यादव, उज्जवल कुमार (10) और सूरज कुमार (12), दोनों पिता निर्मल यादव शामिल हैं। वहीं, बीमार महिला का परिजनों ने घर पर ही प्राथमिक इलाज कराया। फिलहाल कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती चारों बच्चों की स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के बाद से ही परिजनों में चिंता और दहशत का माहौल है। चिकित्सकों के अनुसार, बरसात के मौसम में जंगली मशरूम या अनजाने स्रोतों से आई खुखड़ी में प्राकृतिक विषैले तत्व हो सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है।




