चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा ने परिवार नियोजन सेवाओं में नई पहल करते हुए आज यानी गुरुवार को पहली बार आधुनिक गर्भनिरोधक इम्प्लांट (इम्प्लानॉन एनएक्सटी) का सफल प्रत्यारोपण किया। इस सुविधा की शुरुआत के साथ जिले की महिलाओं को अब लंबे समय तक प्रभावी रहने वाला आधुनिक गर्भनिरोधक विकल्प स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगा।
इस प्रक्रिया को सदर अस्पताल की चिकित्सक डॉ. पौलीना मुंडू और उनकी मेडिकल टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह आधुनिक गर्भनिरोधक तकनीक सुरक्षित, प्रभावी और दीर्घकालिक परिवार नियोजन के विकल्पों में शामिल है।
तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा इम्प्लांट
चिकित्सकों के अनुसार, इस प्रक्रिया में महिला की ऊपरी बांह की त्वचा के नीचे माचिस की तीली के आकार का एक छोटा और लचीला इम्प्लांट लगाया जाता है। यह धीरे-धीरे हार्मोन छोड़ता है, जिससे लगभग तीन वर्षों तक गर्भधारण की संभावना काफी कम हो जाती है।
Read More : तमिलनाडु गैस रिसाव के प्रभावित 14 झारखंडी श्रमिक सुरक्षित घर लौटे, प्रशासन ने की व्यवस्था
यदि भविष्य में महिला संतान की योजना बनाना चाहती है, तो प्रशिक्षित चिकित्सक इस इम्प्लांट को आसानी से निकाल सकते हैं। इसे हटाने के बाद महिला सामान्य रूप से गर्भधारण करने में सक्षम रहती है।
जिले में निःशुल्क मिलेगी आधुनिक परिवार नियोजन सुविधा
डॉ. पौलीना मुंडू ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की उन महिलाओं के लिए लाभकारी होगी, जो सुरक्षित, सुविधाजनक और लंबे समय तक प्रभावी परिवार नियोजन का विकल्प चाहती हैं। उन्होंने कहा कि यह एक छोटी और सुरक्षित चिकित्सीय प्रक्रिया है, जिसे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में कम समय में पूरा किया जाता है।
Read More : न्यायरथ पहुंचा लॉ कॉलेज , कानून की बारीकियों से रूबरू हुए विधि के छात्र
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अब पश्चिमी सिंहभूम जिले की महिलाओं को आधुनिक गर्भनिरोधक इम्प्लांट की यह सुविधा निःशुल्क अपने ही जिले में उपलब्ध होगी। इससे उन्हें इस सेवा के लिए दूसरे शहरों या निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर डॉ. पौलीना मुंडू और उनकी पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। साथ ही विश्वास जताया कि आने वाले समय में सदर अस्पताल, चाईबासा में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।




