रांची : रांची स्थित टॉरियन वर्ल्ड स्कूल में आयोजित सीबीएसई ईस्ट ज़ोन तीरंदाजी क्लस्टर चैंपियनशिप 2026-27 का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में सीबीएसई से संबद्ध 86 विद्यालयों के 665 छात्र-छात्रा तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
Read More : रांची पहाड़ी मंदिर में सावन को लेकर विशेष इंतजाम, 60 CCTV और 400 जवान रहेंगे तैनात
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा रहे। उनके साथ समारोह में चंचल भट्टाचार्य, शिवेंद्रनाथ दुबे, रिमिल बुरुली, डी. शैश्वरी, भाग्यवती चानू, गुरूचरण बेसरा, मनोज कुमार और असीम प्रियदर्शी सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
अर्जुन मुंडा ने तीर चलाकर किया उद्घाटन
विद्यालय के निदेशक गोपाल चौधरी और प्रधानाचार्य शैलेंद्र मिश्र के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ अर्जुन मुंडा ने पारंपरिक रूप से तीर चलाकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और तीरंदाजी जैसे खेलों में निरंतर अभ्यास तथा अनुशासन सफलता की कुंजी है।
युवा तीरंदाजों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
आयोजकों के अनुसार, यह चैंपियनशिप युवा तीरंदाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने और खेल उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।




