नई दिल्ली : विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं और अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग पार्टियों ने बाजी मार ली है। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर BJP ने जीत का झंडा गाड़ दिया है। वहीं, तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरांतकम सीटों पर टीवीके के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। उधर, पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी सीट पर सत्ताधारी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। यानी पार्टी ने यह सीट अपने पास ही रखी है। वहीं, असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी BJP ने जीत दर्ज की है। इन नतीजों के बाद अलग-अलग राज्यों में पार्टियों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है।
Read More : ‘मक्खी मारने के लिए हथौड़ा नहीं’, दिल्ली मेट्रो बंद करने पर SC की टिप्पणी
पांच सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर 80.89 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान हुआ था। तमिलनाडु की मदुरांतकम सीट पर 83.86 प्रतिशत और धारापुरम में 78.53 प्रतिशत वोट पड़े थे। पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी सीट पर 80.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस साल अप्रैल में यहां 87.20 प्रतिशत मतदान हुआ था।
धारापुरम में TVK की सत्यभामा पी ने दर्ज की जीत
तमिलनाडु की धारापुरम विधानसभा सीट पर TVK प्रत्याशी सत्यभामा पी ने जीत हासिल की। उन्हें कुल 66,841 वोट मिले। उन्होंने डीएमके उम्मीदवार सुगन्या एस को 9,471 वोटों से हराया। सुगन्या को 57,370 वोट मिले। एआईएडीएमके की प्रत्याशी भानुमति के तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें 45,280 वोट मिले।
रेजीनगर में BJP के शंकरावह सरकार विजयी
पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर BJP के शंकरावह सरकार ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1,29,914 वोट मिले। उन्होंने हुमायूं कबीर की पार्टी एजेयूपी के उम्मीदवार गुलाम नबी आजा रॉबिन को हराया। रॉबिन, हुमायूं कबीर के बेटे भी हैं। उन्हें 54,098 वोट मिले। कांग्रेस के अब्दुल्लाहिल कफी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, टीएमसी उम्मीदवार रबिबुल आलम चौधरी चौथे स्थान पर रहे। टीएमसी प्रत्याशी को 3,847 वोट मिले।
नंदीग्राम में BJP की हासी रानी रथ ने हासिल की जीत
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर BJP प्रत्याशी हासी रानी रथ ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1,63,677 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रसाद को 1,22,800 वोटों से हराया। मिलन प्रसाद को 40,877 वोट मिले। सीपीआई के उम्मीदवार शांतिगोपाल गिरी तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 5,754 वोट मिले। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के दौरान काउंटिंग सेंटर के बाहर BJP के एजेंटों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इसी दौरान एक काउंटिंग एजेंट की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए पास के मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
बंगाल उपचुनाव में BJP की जीत पर क्या बोले शुभेंदु अधिकारी?
पश्चिम बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में BJP उम्मीदवारों की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के नतीजों से साबित हो गया है कि राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग BJP को सांप्रदायिक ताकत बताने वाले विपक्ष के ‘दुर्भावनापूर्ण’ अभियान से अब गुमराह नहीं होंगे।
पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी सीट पर AINRC का कब्जा बरकरार
पुडुचेरी की सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) ने थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतकर अपना कब्जा बरकरार रखा। पार्टी के उम्मीदवार अशोक आनंद ने कांग्रेस प्रत्याशी ई. विनायगम को 8,482 वोटों से हराया। इस जीत से मुख्यमंत्री एन. रंगासामी की पार्टी को चुनावी सफलता मिली। निर्वाचन आयोग के नतीजों के अनुसार, अशोक आनंद को कुल 13,358 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनायगम 4,876 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के उम्मीदवार के. सेथु सेल्वम 2,664 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।
TVK की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
तमिलनाडु में TVK की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर तालियां बजाईं और जीत का जश्न मनाया।
कांग्रेस नेता पूजा रॉय ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता पूजा रॉय ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमने वोटिंग के दिन देखा कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हुआ। वोटों की लूट हुई। हमें उम्मीद है कि लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है। प्रचार के दौरान हमने देखा कि लोगों को BJP पसंद नहीं आई…”



