गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय में पदयात्रा निकाली गई। झंडा मैदान से शुरू हुई यात्रा का नेतृत्व प्रदेश BJP अध्यक्ष आदित्य साहु, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र राय ने किया। इस दौरान BJP नेताओं ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों पर एसआईआर को लेकर देशवासियों के बीच भ्रम फैलाने और अराजकता का माहौल बनाकर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।
Read More : रांची के 6 छठ घाटों का महापौर ने किया निरीक्षण, सुरक्षा पर विशेष जोर
संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि संसद में प्रधानमंत्री बनने के असफल प्रयासों के बाद राहुल गांधी खुद को संतुष्ट करने के लिए मॉक ड्रिल का सहारा ले रहे हैं। मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी कब क्या बोल देंगे, यह न उन्हें खुद समझ आता है और न ही लोग समझ पाते हैं। मरांडी ने राहुल गांधी के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें मानसिक इलाज की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के अराजकतावादी बयानों का खामियाजा आने वाले दिनों में इंडी गठबंधन को भी भुगतना पड़ेगा।
गांधी चौक पर संपन्न हुई पदयात्रा
झंडा मैदान से शुरू हुई पदयात्रा टावर चौक, कालीबाड़ी और बड़ा चौक होते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई। इसमें गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, विधायक डॉ. मंजू कुमारी, विधायक नरेंद्र महतो, पूर्व मंत्री अमर बाउरी, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी और सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।



