पंजाब चुनाव 2027 से पहले BJP-अकाली दल में गठबंधन, अमित शाह बोले- बादल के बिना अधूरा था NDA

चंडीगढ़ : पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल फिर एक साथ आ गए हैं। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों दलों के गठबंधन का एलान किया। इसके साथ ही करीब छह साल बाद

अमित शाह

अपनी भाषा में पढ़ें

चंडीगढ़ : पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल फिर एक साथ आ गए हैं। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों दलों के गठबंधन का एलान किया। इसके साथ ही करीब छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल (SAD) की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी हो गई है। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव भाजपा और अकाली दल मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल आज से NDA के साथी के रूप में काम करेगा।

Read More : हजारीबाग में सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत, तीसरा गंभीर

अमित शाह ने कहा, “NDA का सबसे पुराना सहयोगी शिरोमणि अकाली दल आज फिर गठबंधन में वापस आ रहा है। मैं सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के सभी साथियों का तहे दिल से स्वागत करता हूं। बादल साहब की पार्टी के बिना NDA अधूरा था।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गठबंधन की वापसी पर खुशी जताई है। उन्हें विश्वास है कि यह गठबंधन पंजाब, देश और दुनिया में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। गृह मंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा और अकाली दल मिलकर राज्य में NDA की सरकार बनाएंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप भी लगाया।

31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने का लक्ष्य

अमित शाह ने कहा कि पंजाब से भ्रष्टाचार और नशे की समस्या खत्म करना गठबंधन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने जनता के भरोसे को तोड़ा है। सरकार अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही है। शाह ने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता ऐसी सरकार को अब बर्दाश्त नहीं करना चाहती, जिसने गुरुओं का अनादर किया है। अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के एक साथ आने से पंजाब में बदलाव का रास्ता मजबूत होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करेगा और राज्य में फिर से खुशहाली लाएगा। गृह मंत्री ने बताया कि पिछले तीन महीनों से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के मुद्दों पर बातचीत चल रही थी। इसमें किसानों की चुनौतियों, राज्य के आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इन चर्चाओं के आधार पर एक रोडमैप तैयार किया गया है। यह आने वाली NDA सरकार के लिए मार्गदर्शक का काम करेगा। शाह ने कहा कि पंजाब में नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करने के साथ राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी प्राथमिकता होगी।

नितिन नवीन बोले- अकाली दल के साथ गठबंधन स्वाभाविक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व के पावन अवसर पर पंजाब के हित में बड़ा फैसला हुआ है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के नेताओं को NDA में वापसी की बधाई दी। नितिन नवीन ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा का गठबंधन स्वाभाविक है। दोनों दल मिलकर पंजाब की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे पर बाद में चर्चा होगी। फिलहाल दोनों दलों ने एक साथ आकर यह संदेश दिया है कि वे पंजाब के विकास के लिए एकजुट हैं। नवीन ने कहा कि गठबंधन का लक्ष्य नशामुक्त पंजाब बनाना, युवाओं को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विकासोन्मुख सरकार देना है।

सुखबीर बादल बोले- पंजाब के हित में हुआ गठबंधन

अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन पंजाब के हित में किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की टीम पंजाब को लूट रही है और आम आदमी पार्टी की सरकार ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। बादल ने कहा कि पिछले 10 साल से पंजाब के हालात खराब हैं। यह गठबंधन युवाओं और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर पंजाब की समस्याओं का समाधान करेंगे। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब से नशे और गैंगस्टरों का आतंक खत्म करना उनका लक्ष्य है। राज्य में बेहतर माहौल तैयार किया जाएगा। उन्होंने भाजपा के साथ अपने पुराने रिश्तों का भी जिक्र किया।

करीब तीन दशक पुरानी है भाजपा-अकाली दल की दोस्ती

पंजाब की राजनीति में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल की दोस्ती करीब तीन दशक पुरानी है। दोनों दलों के बीच चुनावी गठबंधन की औपचारिक शुरुआत 1996 की मोगा घोषणा के बाद हुई थी। तत्कालीन अकाली दल अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने मोगा में पार्टी की विचारधारा को व्यापक स्वरूप देते हुए पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का नारा दिया था। इसके बाद अकाली दल ने भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन का रास्ता अपनाया। हालांकि, दोनों दलों के राजनीतिक रिश्ते इससे भी पुराने हैं। 1967 और 1969 में अकाली दल ने भारतीय जनसंघ के साथ मिलकर सरकारें बनाई थीं। भाजपा का गठन 1980 में हुआ था और बाद में उसने जनसंघ की राजनीतिक विरासत संभाली।

1997 में 93 सीटें जीतकर पहली बार बनाई सरकार

1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल और भाजपा ने मिलकर चुनाव लड़ा। 117 सीटों वाली विधानसभा में अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। अकाली दल ने 75 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 18 सीटों पर जीत मिली। इस तरह गठबंधन के खाते में कुल 93 सीटें आईं। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में अकाली दल को करीब 37.64 प्रतिशत और भाजपा को 8.33 प्रतिशत वोट मिले। दोनों दलों ने अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में एक-दूसरे को राजनीतिक समर्थन दिया।

2002 में सत्ता गंवाई, लेकिन गठबंधन बरकरार रहा

2002 के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल को 41 और भाजपा को तीन सीटें मिलीं। अकाली दल का वोट प्रतिशत 31.08 और भाजपा का 5.67 प्रतिशत रहा। चुनाव में हार के बावजूद दोनों दलों ने गठबंधन जारी रखा।

2007 और 2012 में लगातार दो बार बनाई सरकार

2007 के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन ने सत्ता में वापसी की। अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़कर 49 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 23 में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की। गठबंधन को कुल 68 सीटें मिलीं। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने और सुखबीर सिंह बादल को उपमुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन ने जीत हासिल की। अकाली दल ने 94 में से 56 सीटें और भाजपा ने 23 में से 12 सीटें जीतीं। दोनों दलों को कुल 68 सीटें मिलीं। इस जीत के साथ पंजाब में पहली बार किसी सरकार ने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता बरकरार रखी। प्रकाश सिंह बादल ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला। इस तरह 2007 से 2017 तक गठबंधन लगातार 10 साल सत्ता में रहा। दोनों दलों ने अलग-अलग कार्यकाल में कुल 15 साल पंजाब पर शासन किया।

2017 में 18 सीटों पर सिमट गया गठबंधन

लगातार 10 साल सत्ता में रहने के बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को बड़ा झटका लगा। अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़कर केवल 15 सीटें जीतीं। वहीं, भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ तीन सीटें हासिल कर सकी। गठबंधन का आंकड़ा 18 सीटों पर सिमट गया। इस चुनाव में अकाली दल का वोट प्रतिशत 25.24 और भाजपा का 5.39 प्रतिशत रहा। कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई। आम आदमी पार्टी भी 20 सीटों के साथ पंजाब की राजनीति में बड़ी ताकत बनकर उभरी। हालांकि, चुनावी हार के बाद भी दोनों दलों का गठबंधन जारी रहा। दोनों ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ा।

2020 में कृषि कानूनों के कारण टूटा गठबंधन

भाजपा और अकाली दल के करीब 24 साल पुराने औपचारिक चुनावी गठबंधन का अंत सितंबर 2020 में हुआ। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसानों का विरोध तेज हो गया था। अकाली दल के सामने अपने परंपरागत किसान मतदाताओं की नाराजगी का सवाल था। इसी मुद्दे पर हरसिमरत कौर बादल ने 17 सितंबर 2020 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने NDA से अलग होने की घोषणा कर दी। सुखबीर सिंह बादल ने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई थी। इस फैसले के साथ दोनों दलों की दशकों पुरानी राजनीतिक साझेदारी टूट गई।

2022 और 2024 के चुनाव में अलग-अलग लड़े दोनों दल

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया, जबकि भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ा। इस चुनाव में अकाली दल को सिर्फ तीन सीटें मिलीं और उसका वोट प्रतिशत 18.38 रहा। भाजपा दो सीटें जीत सकी और उसे करीब 6.6 प्रतिशत वोट मिले। आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। भाजपा ने पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ा। पार्टी को 18.56 प्रतिशत वोट मिले, लेकिन एक भी सीट नहीं मिली। वहीं, अकाली दल ने एक सीट जीती और उसका वोट प्रतिशत 13.42 रहा।

2027 चुनाव से पहले फिर साथ आए, सीट बंटवारे पर नजर

अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने फिर हाथ मिला लिया है। अगस्त 2026 में सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं। अक्टूबर में सीटों के बंटवारे और अकाली दल के दूसरे धड़े को साथ लाने जैसे मुद्दों पर भी बातचीत की खबरें सामने आईं। नवंबर में दोनों दलों के बीच चर्चा अंतिम चरण में पहुंची और मंगलवार को गठबंधन का औपचारिक एलान कर दिया गया।

इस बार सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे का होगा। पुराने समझौते के तहत भाजपा 23 और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था। लेकिन अब भाजपा अपने बढ़े हुए वोट प्रतिशत और संगठनात्मक विस्तार के आधार पर ज्यादा सीटों की मांग कर सकती है। दूसरी ओर, अकाली दल अपने पारंपरिक ग्रामीण और किसान वोट बैंक के आधार पर गठबंधन में अपनी प्रमुख भूमिका बनाए रखना चाहेगा। मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी दोनों दलों के बीच बातचीत का अहम मुद्दा हो सकता है।

पुराने राजनीतिक समीकरण की वापसी, लेकिन चुनौतियां भी

अकाली दल और भाजपा का पुराना गठबंधन पंजाब में अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक आधार के तालमेल पर टिका था। अकाली दल की ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और सिख मतदाताओं में पकड़ थी। वहीं, भाजपा का प्रभाव मुख्य रूप से शहरी हिंदू मतदाताओं और व्यापारिक वर्ग में रहा। दोनों दलों ने इसी समीकरण के सहारे लंबे समय तक चुनाव लड़े और सरकारें बनाईं। हालांकि, 2020 के बाद दोनों की राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं।

अकाली दल के सामने अपने पुराने मतदाता आधार को फिर मजबूत करने की चुनौती है। वहीं, भाजपा अब पहले की तरह 23 सीटों तक सीमित नहीं रहना चाहेगी। ऐसे में 2027 का चुनावी गठबंधन सिर्फ दो पुराने सहयोगियों की वापसी नहीं है, बल्कि सीटों के बंटवारे, नेतृत्व और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर दोनों दलों की नई रणनीति की भी परीक्षा होगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *