रांची : झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के बाद अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनके पुराने वादे की याद दिलाते हुए जोरदार हमला बोला है। बाबूलाल मरांडी ने 6 नवंबर 2024 को किए गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के एक पुराने ट्वीट को री-ट्वीट (X पर री-पोस्ट) करते हुए लिखा, “6 नवंबर 2024 को मुझसे किया गया यह वादा याद है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी या भूल गए? मैंने सीजीएल में 25 लाख रुपये में सीट बेचने का मुद्दा उठाया था। तब आपने मेरे ही पोस्ट पर लिखा था कि युवाओं के मामले में एक भी गलती मिल जाए तो 5 नहीं, 50 साल तक जेल में डाल दीजिए।”
Read More : ‘परीक्षा रद्द करना समाधान नहीं, केवल CBI जांच से मिलेगा न्याय’ : बाबूलाल मरांडी
‘CBI जांच की अनुशंसा करें मुख्यमंत्री’
मरांडी ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि जब विपक्ष ने आवाज उठाई थी, तब सरकार ने उन्हें भाजपा प्रायोजित कोचिंग माफिया और पीआईएल (PIL) गैंग करार दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कोई अनजानी गलती नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया गुनाह है। बाबूलाल मरांडी ने X पर लिखा, “बड़े घमंड में आपने मुझे चुनौती देते हुए कहा था कि चाहे तो सीबीआई (CBI) या ईडी (ED) से जांच करा लीजिए। आज भी जब छात्र सीबीआई जांच पर अड़े हैं, तो आप अपनी ही बातों से पीछे क्यों हट रहे हैं मुख्यमंत्री जी? अगर सही में एक-एक दोषी को सजा दिलाने की मंशा है, तो सीबीआई जांच की अनुशंसा कीजिए।”
क्या था हेमंत सोरेन का पुराना जवाब?
गौरतलब है कि बाबूलाल मरांडी ने जिस पुराने पोस्ट को साझा किया है, उसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा था, “आपके पास ED है, CBI है और दुनिया की सभी एजेंसियों का कुनबा है। आप किसी भी एजेंसी से जांच करवा लीजिए अगर युवाओं के मुद्दों पर एक गलती निकल जाए तो मुझे 5 महीने नहीं 50 साल के लिए जेल डाल दीजिए, मैं उफ़्फ़ नहीं करूँगा।” उस समय सीएम सोरेन ने पूर्व रघुवर दास सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बीजेपी समर्थित कोचिंग माफिया और पीआईएल गैंग बार-बार झूठे केस दर्ज कराकर परीक्षाओं में बाधा पहुंचा रहे हैं। फिलहाल, JSSC-CGL परीक्षा रद्द होने के बाद अब छात्र और विपक्ष दोनों ही मामले की सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।








