इंडोनेशिया के सुमात्रा में 6.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का खतरा नहीं

उत्तरी सुमात्रा में नियास द्वीप के पास आए भूकंप से फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने सुनामी का खतरा नहीं बताया।

जकार्ता, इंडोनेशिया:  इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में नियास द्वीप के पास मंगलवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। देश की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने इसकी जानकारी दी। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की तत्काल सूचना नहीं मिली है। सिंहुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:02 बजे आया। इसका केंद्र साउथ नियास रीजेंसी से करीब 147 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था। भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर 29 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।

सुनामी का खतरा नहीं

इंडोनेशियाई एजेंसी ने स्पष्ट किया कि 6.1 तीव्रता के इस भूकंप के बाद सुनामी आने का खतरा नहीं था। फिलहाल स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।यह भूकंप ऐसे समय आया है जब इंडोनेशिया इस महीने की शुरुआत में आए एक अन्य शक्तिशाली भूकंप के प्रभावों से जूझ रहा है। ईस्ट नुसा तेंगारा (एनटीटी) प्रांत में 7.7 तीव्रता के भूकंप ने व्यापक तबाही मचाई थी।

7.7 तीव्रता के भूकंप में 68 लोगों की मौत

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (बीएनपीबी) ने सोमवार को बताया कि 15 अगस्त को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। बीएनपीबी के प्रिवेंशन डिप्टी अब्दुल मुहरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मौमंगराई रीजेंसी में 26, ईस्ट मंगराई में 24, नागेकेओ में आठ, सिक्का में चार और एंडे, वेस्ट मंगराई तथा नगाडा में दो-दो लोगों की मौत हुई है। इस आपदा में 213 लोग घायल हुए हैं। भूकंप के बाद कम से कम 1,576 आफ्टरशॉक रिकॉर्ड किए गए। रिपोर्ट के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र नागेकेओ रीजेंसी में मबे से करीब 30 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 15 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप से 914 घरों को भारी, 126 को मामूली और 317 घरों को हल्का नुकसान पहुंचा। इसके अलावा 93 शिक्षण केंद्र, 36 स्वास्थ्य सेवा केंद्र और 38 सरकारी कार्यालय भी प्रभावित हुए।

राहत और बचाव कार्य जारी

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगगराई और नागेकेओ में दो अस्थायी फील्ड अस्पताल भेजे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा एवं संकट प्रबंधन दलों को भी तैनात किया गया है। पश्चिमी और पूर्वी फ्लोरेस द्वीप में बिजली आपूर्ति 99.5 फीसदी तक बहाल कर दी गई है, जबकि फ्लोरेस में दूरसंचार सेवाएं 95.4 फीसदी तक व्यवस्थित हो चुकी हैं। इंडोनेशियाई सेना भी दुर्गम इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी है। प्रांतीय सरकार के आदेश के मुताबिक, ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांतीय सरकार ने 15 अगस्त के भूकंप के बाद 14 दिनों के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स स्टेटस घोषित किया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *