रांची: देश के सीमेंट उद्योग में अपनी स्थिति और मजबूत करने के लिए अंबुजा सीमेंट्स ने बड़े विस्तार की योजना तैयार की है। कंपनी छह राज्यों में नए ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट्स के माध्यम से करीब 30 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) सीमेंट उत्पादन क्षमता जोड़ने की तैयारी कर रही है। इस विस्तार योजना में झारखंड का गोड्डा भी शामिल है, जहां 2.9 MTPA क्षमता का नया सीमेंट ग्राइंडिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। कंपनी के इस कदम से पूर्वी भारत में उसकी विनिर्माण क्षमता और मजबूत होने की उम्मीद है।
2030 तक 155 MTPA क्षमता हासिल करने का लक्ष्य
अंबुजा सीमेंट्स करीब 14,500 करोड़ रुपये के प्रस्तावित ग्रोथ कैपेक्स के साथ वर्ष 2030 तक अपनी कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 155 MTPA तक पहुंचाना चाहती है। अदाणी पोर्टफोलियो का हिस्सा कंपनी का यह विस्तार पूर्वी, पश्चिमी और उत्तरी भारत में विनिर्माण नेटवर्क को मजबूत करेगा।
गोड्डा के अलावा असम, बिहार के मुजफ्फरपुर, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी नई उत्पादन क्षमता विकसित करने की योजना है।
मार्च 2027 तक 119 MTPA हो जाएगी क्षमता
कंपनी का मौजूदा उत्पादन नेटवर्क देशभर में फैला है। इसमें 24 इंटीग्रेटेड प्लांट और 24 ग्राइंडिंग यूनिट शामिल हैं। फिलहाल कंपनी की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 113.5 MTPA है।
अंबुजा सीमेंट्स के सीईओ विनोद बाहेती ने कहा कि विस्तार का अगला चरण विकास की गुणवत्ता और संतुलित विनिर्माण नेटवर्क तैयार करने पर केंद्रित है। क्लिंकर और ग्राइंडिंग क्षमता के बीच बेहतर तालमेल तथा अधिक विकास क्षमता वाले बाजारों के नजदीक उत्पादन सुविधाएं विकसित करने से कंपनी के नेटवर्क में लचीलापन बढ़ेगा।
बिहार के वारिसलीगंज में 2.4 MTPA क्षमता की ग्राइंडिंग यूनिट भी इसी अवधि में चालू करने की योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कंपनी की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता मार्च 2027 तक 119 MTPA पहुंचने की उम्मीद है।
गोड्डा बनेगा पूर्वी भारत के विस्तार का अहम केंद्र
झारखंड के गोड्डा में प्रस्तावित 2.9 MTPA क्षमता का सीमेंट ग्राइंडिंग प्लांट कंपनी की पूर्वी भारत विस्तार योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
इसके अलावा असम के रंगिया और होजाई में 2.9-2.9 MTPA क्षमता की नई ग्राइंडिंग यूनिट स्थापित करने की योजना है। बिहार के मुजफ्फरपुर में भी 2.9 MTPA क्षमता का नया ग्राइंडिंग प्लांट प्रस्तावित है।इस विस्तार से पूर्वी भारत के प्रमुख बाजारों में कंपनी की उत्पादन और आपूर्ति क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
also read : दिवाली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, जुआरियों, शरारती और उपद्रवी तत्वों पर रहेगी नजर


