रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और घटनास्थल पर कथित तौर पर बिना वर्दी में मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग स्वीकार्य नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यदि घटनास्थल पर बिना वर्दी के कुछ लोगों ने छात्रों पर लाठियां चलाईं और वाहनों के शीशे तोड़े, तो सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे लोग कौन थे, किसके निर्देश पर वहां पहुंचे थे और पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया।
Read More : चतरा में SP आवास के सामने गार्ड की गोली मारकर हत्या, आरोपी जवान गिरफ्तार
निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी पद या प्रभाव में हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
विपक्ष से एकजुट होने की अपील
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जवाबदेही सर्वोपरि होती है। छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर सरकार से जवाब मांगने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ गई, तो देश यह भी जान जाएगा कि इस पूरे प्रकरण के पीछे वास्तविक जिम्मेदार कौन थे।




