चतरा : झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के सामने फायरिंग की घटना में एक निजी सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। मृतक और आरोपी दोनों बिहार के गया जिले के बेलागंज से जदयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव के निजी सुरक्षाकर्मी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read More : रांची रेलवे स्टेशन पर 12 किलो गांजा बरामद, ऑपरेशन नारकोस में तस्कर गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, रॉकी यादव चतरा में बाइपास निर्माण कार्य कर रही रमिया कंस्ट्रक्शन से जुड़े हैं। वह किसी कार्य के सिलसिले में SP आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
विवाद के बाद हुई फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत खैनी मांगने और कथित पुरानी रंजिश को लेकर हुई। बहस बढ़ने के बाद हाथापाई हुई और इसी दौरान जिला बल के एक जवान ने अपनी राइफल से फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो राउंड फायर किए। पहली गोली रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर की छत से टकराकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली दूसरे सुरक्षाकर्मी की आंख में लगी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार और वाहन जब्त
फायरिंग के बाद आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन SP आवास की सुरक्षा में तैनात जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलते ही चतरा SP अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया SDPO, टंडवा SDPO समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त राइफल और रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर को जब्त कर लिया है। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




