धनबाद : धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में प्रशासनिक नीतियों और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर आजसू छात्र संघ ने आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को संघ के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। उनकी प्रमुख मांगों में पीएचडी प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करना, आउटसोर्सिंग निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी मांगों पर लिखित जवाब देना शामिल है।
Read More : रांची में जनता दरबार : DC ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
वित्तीय अनियमितताओं और लंबित नोटिफिकेशन का आरोप
आजसू छात्र संघ के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय में छात्रों के हितों की अनदेखी हो रही है और कई मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। इसी के विरोध में भूख हड़ताल शुरू की गई है। आजसू के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने विश्वविद्यालय में विभिन्न स्तरों पर वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही है। सीनेट की बैठक और दीक्षांत समारोह आयोजित करने के लिए दिए गए आवेदनों पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक लिखित जवाब नहीं दिया है।
आउटसोर्सिंग निविदा रद्द कर नई प्रक्रिया की मांग
छात्र संघ ने पूर्व में जारी आउटसोर्सिंग टेंडर को तत्काल रद्द करने की मांग की है। संघ का कहना है कि झारखंड सरकार की निर्धारित न्यूनतम मजदूरी और संशोधित वीडीए की दरों के आधार पर नई निविदा आमंत्रित की जानी चाहिए। इसके साथ ही संघ ने जेम (GeM) के प्रावधानों के अनुरूप पात्र एमएसएमई इकाइयों और श्रम सहकारी समितियों को टर्नओवर, कार्यानुभव और ईएमडी में नियमानुसार छूट देने की मांग उठाई है।
लिखित जवाब मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
आजसू छात्र संघ ने कहा है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को सभी मांगों पर ठोस निर्णय लेकर लिखित जवाब देना होगा। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।



