दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले रहे रोमांचक, ट्राई ब्रेकर से हुआ विजेता टीमों का फैसला
लट्ठाखम्महन। सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत जंगलों और पहाड़ों के बीच स्थित लट्ठाखम्महन खेल मैदान में आयोजित 38वीं नवयुवक संघ हॉकी चैंपियनशिप महिला एवं पुरुष 2026 का मंगलवार को समापन हुआ। छह दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में महिला वर्ग में संगम क्लब और पुरुष वर्ग में मझाफारा, ओडिशा की टीम ने खिताब अपने नाम किया। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण और रोमांचक रहे। महिला वर्ग में विजेता का फैसला सडन डेथ और पुरुष वर्ग में ट्राई ब्रेकर के माध्यम से हुआ।
नवयुवक संघ हॉकी एसोसिएशन लट्ठाखम्महन एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 15 से 20 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 33 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें महिला वर्ग की आठ और पुरुष वर्ग की 25 टीमें शामिल थीं।
महिला वर्ग में संगम क्लब ने सडन डेथ में जीता खिताब
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला संगम क्लब, हाथोंस्वर और 11 सिस्टर की टीम के बीच खेला गया। निर्धारित समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद ट्राई ब्रेकर का सहारा लिया गया, लेकिन पांच-पांच प्रयासों के बाद भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। अंततः सडन डेथ के जरिए विजेता का फैसला हुआ, जिसमें संगम क्लब ने 11 सिस्टर को 6-5 से पराजित कर वर्ष 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
पुरुष वर्ग में मझाफारा, ओडिशा बनी चैंपियन
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला मझाफारा(ओडिशा) और पाइकपारा के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर रहा। इसके बाद ट्राई ब्रेकर के माध्यम से विजेता का फैसला किया गया, जिसमें मझाफारा, ओडिशा की टीम ने बाजी मारते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पाकरटांड़ ने हासिल किया तीसरा स्थान
पुरुष वर्ग में तीसरे और चौथे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में पाकरटांड़ की टीम ने कुरपनी को 4-0 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार देकर टीमों और खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन समारोह में आयोजन समिति की ओर से पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों तथा महिला वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार स्वरूप एक-एक खस्सी (बकरा) देकर सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी रंगारी,प्रमुख बिपिन पंकज मिंज,हॉकी सिमडेगा के कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी,संयुक्त सचिव वेद प्रकाश एवं अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले फरसापानी टीम के विष्णु मांझी को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें आयोजन समिति की ओर से हॉकी स्टिक देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया फाइनल मैच का शुभारंभ
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी और हॉकी सिमडेगा के तकनीकी अधिकारी पैंक्रेटियस टोप्पो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में रेगारी थाना प्रभारी, ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख विपिन पंकज मिंज, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, मुखिया एलिजाबेथ बागे, हॉकी सिमडेगा के तकनीकी प्रमुख पैंक्रेटियस टोप्पो, सचिव एल्शन किड़ो, कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी और संयुक्त सचिव वेद प्रकाश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर हॉकी सिमडेगा की संयुक्त सचिव करिश्मा परवार, कुनूल भेंगरा, तलीन तिग्गा, रोहित बेसरा, राहुल मिंज, पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर जयसिंह बेसरा, इसहाक लकड़ा, मिराश डुंगडुंग, लॉरेंस डुंगडुंग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मध्यांतर में आदिवासी नृत्य ने मोहा दर्शकों का मन
दोनो फाइनल मुकाबले के दौरान मध्यांतर में लट्ठाखम्महन के स्थानीय कलाकारों ने सुंदर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति से सजी इस प्रस्तुति ने मैदान में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। खिलाड़ियों के रोमांचक प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी अधिकारियों की अहम भूमिका
छह दिनों तक चली इस प्रतियोगिता को सफल बनाने और तकनीकी सहयोग प्रदान करने में हॉकी सिमडेगा के तकनीकी अधिकारी पैंक्रेटियस टोप्पो, बसंत बा, कुनूल भेंगरा, करिश्मा परवार, रोहित बेसरा, अनु राहुल मिंज, तलीन तिग्गा, रीना कुमारी, मुकुट डुंगडुंग, नवीन मिंज सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति की ओर से सहयोग करने वाले लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने हॉकी झारखंड का किया आभार
38 वर्षों से आयोजित इस प्रतियोगिता में इस वर्ष के आयोजन में झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह जी ने 20000 रुपए आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की है जिसके लिए आयोजन समिति की ओर से हॉकी झारखंड का आभार व्यक्त किया गया
38 वर्षों से ग्रामीण हॉकी प्रतिभाओं को मिल रहा है मंच
ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस पारंपरिक हॉकी प्रतियोगिता ने एक बार फिर क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया। पिछले 38 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही नवयुवक संघ हॉकी चैंपियनशिप ग्रामीण क्षेत्रों में हॉकी को बढ़ावा देने, स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रतियोगिता के सफल समापन पर खिलाड़ियों, आयोजकों और स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
also read ;PM की विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड RTI के तहत नहीं मिलेगा, दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला



