रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। चार दिवसीय इस महापर्व में अब श्रद्धालुओं को खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य का इंतजार है। शनिवार, 14 नवंबर को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठव्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगे। इसके बाद रविवार, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
वहीं, सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा। छठ पूजा में अर्घ्य का विशेष महत्व है। व्रती निर्धारित समय पर ही भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसे देखते हुए मौसम केंद्र की ओर से झारखंड के सभी जिलों के लिए सूर्यास्त और सूर्योदय का समय जारी किया गया है।
साहिबगंज में सबसे पहले होगा सूर्यास्त, गढ़वा में सबसे देर से अस्त होंगे सूर्यदेव
मौसम विभाग की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, 15 नवंबर को झारखंड में सबसे पहले साहिबगंज में शाम 4 बजकर 51 मिनट पर सूर्यास्त होगा। इसके एक मिनट बाद यानी शाम 4 बजकर 52 मिनट पर पाकुड़ में सूर्यदेव अस्त होंगे।
वहीं, सबसे देर से गढ़वा में शाम 5 बजकर 9 मिनट पर सूर्यास्त होगा। राजधानी रांची में रविवार को शाम 5 बजकर 5 मिनट पर सूर्यास्त होगा। इसके अलावा बोकारो और कोडरमा में शाम 5 बजकर 1 मिनट, धनबाद और गिरिडीह में शाम 4 बजकर 59 मिनट तथा जमशेदपुर और सरायकेला में शाम 5 बजकर 2 मिनट पर भगवान भास्कर अस्त होंगे।
also read : रांची जेल में हुई अमानवीय घटना और कांग्रेस विधायक पर पॉक्सो केस में कार्रवाई तय करे सरकारः बाबूलाल मरांडी





