रांची : अग्रवाल सभा रांची की महिला समिति शाखा के तत्वावधान में आयोजित 27वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव मेले का शुभारंभ मंगलवार को महाराजा अग्रसेन भवन में हुआ। मेले का उद्घाटन महागामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक दीपिका पांडे सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन गाड़ोदिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जबकि पुष्पा अग्रवाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।
Read More : चतरा में SP आवास के सामने गार्ड की गोली मारकर हत्या, आरोपी जवान गिरफ्तार
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। सभा के मंत्री निर्मल बुधिया ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक दीपिका पांडे सिंह को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।
100 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण
अग्रवाल महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल ने मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। वहीं मेले की संयोजिका अनुसूया नेवटिया ने बताया कि इस वर्ष मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां विभिन्न उत्पादों और व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि मेले के दूसरे दिन महिलाओं के लिए सावन सिंघारा का विशेष आयोजन किया जाएगा। वहीं समापन समारोह में समिति की ओर से सर्वश्रेष्ठ स्टॉल को सम्मानित किया जाएगा।

महिलाओं ने की खरीदारी, व्यंजनों का लिया स्वाद
मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाओं और अन्य आगंतुकों ने विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी की। साथ ही मेले में उपलब्ध विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया। आयोजन में अग्रवाल सभा और महिला समिति से जुड़ी कई सदस्याएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




