कोडरमा : झुमरीतिलैया के श्री दिगंबर जैन मंदिर में 11 अक्टूबर से 16 दिन तक धार्मिक आयोजन की धूम रहेगी। यहां 16 दिवसीय सर्वतोभद्र महामंडल विधान शुरू होने जा रहा है, जो 26 अक्टूबर तक चलेगा। श्री दिगंबर जैन समाज और विरागोदय वर्षायोग समिति की देखरेख में होने वाले इस आयोजन में मुनि श्री 108 सुयश सागर जी मुनीराज का सानिध्य और आशीर्वाद मिलेगा। आयोजन को लेकर जैन मंदिर परिसर में जोर-शोर से तैयारी चल रही है। मंदिर परिसर में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, वहीं विधान के लिए मंडप को भी सुंदर तरीके से सजाया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर जैन समाज के लोगों में काफी उत्साह है। अब सभी को विधान शुरू होने का इंतजार है।
Read More : महाराजा अग्रसेन जयंती पर रांची में 10 अक्टूबर को निकलेगी शोभायात्रा
16 दिनों तक होंगे पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान
सर्वतोभद्र महामंडल विधान के दौरान लगातार 16 दिनों तक मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान जिनेंद्र भगवान की भक्ति, अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और दूसरे धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। श्रद्धालु इन कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे और आत्मकल्याण की साधना करेंगे। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहेगा। जैन समाज के महिला-पुरुषों के साथ युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेंगे।
मुनि श्री सुयश सागर जी के सानिध्य में होगा आयोजन
मुनि श्री 108 सुयश सागर जी मुनीराज के सानिध्य में होने वाला यह आयोजन जैन समाज के लिए खास आध्यात्मिक अवसर है। उनके मंगल प्रवचन और मार्गदर्शन से श्रद्धालुओं को जिनवाणी, संयम, त्याग, तप और आत्मकल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। मुनि श्री ने बताया कि भव्य पंडाल में सामूहिक आराधना के साथ कृत्रिम और अकृत्रिम चैत्यालयों की पूजा की जाएगी। इस विधान के दौरान मंडप में भगवान के श्रीचरणों में हजारों श्रीफल चढ़ाए जाने की भी बात कही गई है।
जैन समाज ने श्रद्धालुओं से की शामिल होने की अपील
आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां चल रही हैं। इस पूरे कार्यक्रम में भव्य पंडाल मुख्य आकर्षण रहेगा। विरागोदय वर्षायोग समिति ने जैन समाज समेत सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 11 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस 16 दिवसीय सर्वतोभद्र महामंडल विधान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और पुण्यार्जन के साथ धर्मलाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी राज कुमार जैन अजमेरा और नवीन जैन ने दी।




