रांची। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4–3 से हराकर लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल में पहुंची हॉकी झारखंड टीम।
12 से 23 अगस्त 2026 तक पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में हॉकी झारखंड की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपने पड़ोसी राज्य हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4–3 से पराजित कर लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। मैच के दूसरे क्वार्टर में 24वें मिनट में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा की टीम ने शानदार फील्ड गोल कर 1–0 की बढ़त बना ली। मध्यांतर तक ओडिशा की टीम इसी बढ़त के साथ आगे रही।
मध्यांतर के बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। 33वें मिनट में कप्तान रजनी केरकेट्टा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर झारखंड को 1–1 की बराबरी दिला दी।
इसके बाद दोनों टीमों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका। परिणाम के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें हॉकी झारखंड ने 4–3 से शानदार जीत दर्ज की।
पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड के लिए गोल=सलोमी नाग,अनुप्रिया सोरेंग,स्वीटी डुंगडुंग,रजनी केरकेट्टा ने की।
पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की गोलकीपर गंगी बरला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा के दो प्रयासों को रोककर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैच के निर्धारित समय में झारखंड की ओर से एकमात्र गोल कप्तान रजनी केरकेट्टा ने पेनाल्टी कॉर्नर से किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता में हॉकी झारखंड ने अपने शुरुआती मुकाबलों में हॉकी चंडीगढ़ को 6–0 तथा हॉकी पंजाब को 3–1 से पराजित किया था।
क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की संगीता कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हॉकी झारखंड के लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर हॉकी झारखंड एवं खेल विभाग के समस्त पदाधिकारियों ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं आगामी सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
हॉकी झारखंड की टीम
गंगी बरला, सोनाली तिर्की, सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम एवं जमुना कुमारी।
also read: आभूषण दुकान से लाखों की चोरी







