रांची : राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में 217वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में ‘राम सिया राम सिया राम जय जय राम’ के संगीतमय गायन और बजरंग बली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
अखंड ज्योति प्रज्वलन और महाप्रसाद का भोग
कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने आशा मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्वलित करवाई। इसके बाद बालाजी महाराज को केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल का विशेष भोग अर्पित किया गया। आशा मोदी ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का विधि-विधान से पूजन कर पाठ वाचकों को चंदन-वंदन कर उनका आशीर्वाद लिया।
ढोलक-ढपली की थाप पर गूंजा सुंदरकांड
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक व ढपली के स्वर पर सबसे पहले श्री गणेश वंदना की और फिर श्री हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कराया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक साथ मिलकर संगीतमय श्री सुंदरकांड का पाठ किया। पाठ के बीच-बीच में सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे भक्तजन हनुमान जी की भक्ति में लीन नजर आए। पाठ के समापन पर पुनः हनुमान चालीसा का पाठ कर महाआरती की गई और भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ।
विशेष सेवा और 22 अगस्त को भव्य भंडारा
इस धार्मिक आयोजन में श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरिगोला और राजेश जयसवाल ने फल प्रसाद की सेवा निवेदित की। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 22 अगस्त (शनिवार) को 213वां श्री श्याम भंडारा आयोजित किया जाएगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़िया, कृष्णा अंकित सिंह, ऋषभ चौरसिया, हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।








