रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोवाडीह चौक पर भटक रही एक महिला को रिनपास, रांची में भर्ती कराया है। महिला अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थी। यह कार्रवाई 31 जुलाई 2026 को माननीय न्यायामूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा श्री सुजित नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश पर की गई। इस दौरान माननीय सदस्य सचिव, झालसा कुमारी रंजना अस्थाना और माननीय न्यायायुक्त, रांची श्री अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में डालसा सचिव (ईंचार्ज) की उपस्थिति में महिला को रिनपास में भर्ती कराया गया।
Read More : रांची के अपर बाजार में बड़ा बदलाव, 1.34 एकड़ भूमि होगी अतिक्रमण मुक्त
पीएलवी को मिली थी महिला के भटकने की सूचना
डालसा, रांची में कार्यरत पीएलवी प्रीति कुमारी को सूचना मिली थी कि लोवाडीह चौक पर एक महिला भटक रही है। महिला अपनी पहचान से जुड़ी जानकारी देने में असमर्थ थी। इसके बाद पीएलवी ने इसकी सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची को दी। सूचना मिलते ही डालसा सचिव (ईंचार्ज) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया। टीम में पीएलवी प्रीति कुमारी, तारा मिंज, शारदा देवी और नामकुम थाना की महिला एसआई शामिल थीं। टीम ने महिला को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराते हुए रिनपास, रांची में भर्ती कराया।
पीएलवी की देखरेख में है महिला
डालसा, रांची के सहयोग से महिला को रिनपास में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में वह पीएलवी की देखरेख में है। डालसा सचिव (ईंचार्ज) ने लोगों से अपील की है कि यदि इस प्रकार का कोई व्यक्ति आसपास दिखाई दे या किसी अन्य तरह की परेशानी हो, तो इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची को दी जा सकती है। निःशुल्क कानूनी सलाह के लिए लोग डालसा, रांची के कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं या टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।




