रांची : DC मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को नगड़ी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निर्धारित मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध व्यवस्थाओं का नियमित मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान मंजूनाथ भजंत्री ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और पूरे परिसर की निगरानी प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस के संचालन और सुरक्षा से जुड़े सभी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की हुई समीक्षा
DC ने निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर में सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा और संचालन से संबंधित प्रत्येक मानक का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और तकनीकी सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समय-समय पर मूल्यांकन भी किया जाए।

हर महीने निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा प्रतिवेदन
मंजूनाथ भजंत्री ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह निर्धारित समय पर ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा, रखरखाव और तकनीकी व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन निर्वाचन आयोग को भेजा जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मासिक निरीक्षण और उससे संबंधित सभी प्रक्रियाएं तय मानकों के अनुरूप समय पर पूरी की जाएं। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बिवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी, नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगड़ी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।




