रांची : रांची शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र अपर बाजार को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हरमू रोड स्थित शनि मंदिर से कार्ट सराय रोड, श्री राम जानकी मंदिर परिसर, जालान रोड, वेस्ट मार्केट रोड, नॉर्थ मार्केट रोड और चुरुवाला गली तक विभिन्न स्थलों का जायजा लिया गया। इस दौरान मौजूदा व्यवस्थाओं, अतिक्रमण, पार्किंग, व्यापारिक गतिविधियों और निगम की परिसंपत्तियों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने कहा कि अपर बाजार रांची की व्यापारिक पहचान है। क्षेत्र को व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और खरीदारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Read More : करमटोली तालाब के पास 51 डिसमिल सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त, 15 ढांचे हटे
1.34 एकड़ निगम भूमि होगी अतिक्रमण मुक्त
निरीक्षण के दौरान शनि मंदिर के पीछे स्थित श्री राम जानकी मंदिर के चारों ओर निगम स्वामित्व की करीब 1.34 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि भूमि आवंटन की अवधि समाप्त होने के बावजूद कुछ लोगों ने अब भी उस पर कब्जा बनाए रखा है। नगर आयुक्त ने संबंधित शाखा को तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया। निगम का उद्देश्य इस भूमि का उपयोग जनहित और शहर के विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए करना है।
वहीं, वेस्ट मार्केट रोड, नॉर्थ मार्केट रोड और चुरुवाला गली क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि करीब 4.39 एकड़ निगम भूमि पर निगम स्वामित्व की 608 दुकानें संचालित हैं। इनमें अधिकांश दुकानें पुरानी और जर्जर स्थिति में हैं। नगर आयुक्त ने पूरे क्षेत्र के पुनर्विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। प्रस्ताव के तहत पुरानी दुकानों की जगह आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि पहले से आवंटित दुकानदारों के हितों का संरक्षण किया जाएगा। साथ ही, नए व्यवसायियों को भी पारदर्शी व्यवस्था के तहत दुकान प्राप्त करने का अवसर दिया जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित होंगी और अपर बाजार को आधुनिक पहचान मिलेगी।
बिहारी धर्मशाला का होगा नवीनीकरण, ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
जालान रोड स्थित निगम स्वामित्व वाली बिहारी धर्मशाला का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने धर्मशाला के नवीनीकरण और पुनः संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे आम नागरिक विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए इसका आसानी से उपयोग कर सकें। नागरिकों की सुविधा के लिए इसकी बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित हो सके।
धर्मशाला के समीप निगम भूमि पर बनी दुकानों को हटाकर प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि अपर बाजार में पार्किंग की समस्या लंबे समय से नागरिकों और व्यापारियों के लिए चुनौती बनी हुई है। मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार होने के साथ क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
जालान रोड पर विशेष अभियान और भवनों की जांच
निरीक्षण के दौरान जालान रोड पर मालवाहक वाहनों द्वारा सड़क पर लोडिंग-अनलोडिंग, अतिक्रमण और जाम की स्थिति पर नगर आयुक्त ने चिंता जताई। उन्होंने संबंधित शाखाओं को संयुक्त विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। अभियान के दौरान सभी प्रतिष्ठानों और आवासीय परिसरों के होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। आवासीय होल्डिंग में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर परिसरों को सील करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी गोदाम और प्रतिष्ठान संचालकों को सड़क पर लोडिंग-अनलोडिंग तत्काल बंद करने और यातायात को बाधित नहीं करने का निर्देश भी दिया गया। नगर आयुक्त ने नगर निवेशक शाखा को अपर बाजार क्षेत्र के सभी नए और व्यावसायिक भवनों की व्यापक जांच करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान सेटबैक क्षेत्र में अतिक्रमण, पार्किंग के दुरुपयोग, भवन मानकों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि नागरिकों और व्यापारियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक व्यापारिक वातावरण तैयार करना है। विकास योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि अपर बाजार आने वाले लोगों को बेहतर यातायात, पार्किंग, व्यापारिक सुविधाएं और सार्वजनिक सेवाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार, उप नगर आयुक्त श्री रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त सहित राजस्व शाखा, भू-संपदा शाखा, बाजार शाखा और नगर निवेशक शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




