रांची : रांची स्मार्ट सिटी क्षेत्र में करीब 79 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अर्बन हाट का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को मुख्य अभियंता की ओर से तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। फिलहाल झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (जुडको) आधुनिक अर्बन हाट का सीएस तैयार कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, रांची स्मार्ट सिटी क्षेत्र के प्लॉट नंबर-54 पर आधुनिक अर्बन हाट का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना के लिए करीब नौ एकड़ भूमि में से 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र का उपयोग किया जाएगा।
Read More : श्रावणी मेला 2026 : एसपी प्रवीण पुष्कर ने कांवड़िया रूट का किया निरीक्षण
जुडको के अधिकारियों के मुताबिक, अर्बन हाट के लिए प्रस्तावित भूमि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मिक्सड यूज श्रेणी में शामिल है। ऐसे में परियोजना के क्रियान्वयन से पहले भूमि उपयोग में बदलाव की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विभागीय स्तर पर इस दिशा में प्रयास जारी हैं। भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परियोजना के शुरू होने की संभावना है।
सिविल वर्क पर खर्च होंगे 33.19 करोड़ रुपये
आधुनिक अर्बन हाट परियोजना में सिविल वर्क पर करीब 33.19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा शॉप सिविल वर्क पर 3.44 करोड़ रुपये, हॉर्टिकल्चर और लैंडस्केपिंग पर 7.79 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। परियोजना में इलेक्ट्रिकल वर्क के लिए 6.79 करोड़ रुपये, प्लंबिंग कार्य के लिए 2.05 करोड़ रुपये और फायर फाइटिंग सिस्टम पर करीब 1.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मल्टी लेयर डिजाइन में विकसित होगा अर्बन हाट
आधुनिक अर्बन हाट का डिजाइन मल्टी लेयर स्वरूप में तैयार किया गया है। इसमें हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट स्टॉल, मल्टी कुजिन फूड कोर्ट, स्थायी और अस्थायी प्रदर्शनी स्थल तथा ओपन एयर एम्फीथिएटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, प्रशासनिक कार्यालय और आगंतुकों के लिए सार्वजनिक प्लाजा का भी निर्माण किया जाएगा। यहां स्थानीय उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी व्यवस्था होगी। आधुनिक अर्बन हाट के निर्माण से ग्रामीण उत्पादकों और शहरी उपभोक्ताओं के बीच की दूरी कम होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक बड़ा मंच मिल सकेगा।




