गिरिडीह : शहर के इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में शुक्रवार को तीन दिवसीय जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। नवजीवन नर्सिंग होम के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। इस दौरान खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
Read More : श्रावणी मेला 2026 : एसपी प्रवीण पुष्कर ने कांवड़िया रूट का किया निरीक्षण
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की। मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण और जिला स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत कर रही है, ताकि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर सकें। जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के करीब 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति और स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यक्रम में मेयर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव, नवजीवन नर्सिंग होम की निदेशक डॉ. स्वाति बगड़िया, उपाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।




