देवघर : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर देवघर के दुम्मा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर शुरू किया है। शिविर का उद्घाटन CCL के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। यह चिकित्सा शिविर स्थानीय ग्रामीणों और बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवरियों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। शिविर का संचालन 30 जुलाई, 2026 से 28 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा।
Read More : श्रावणी मेला 2026 : एसपी प्रवीण पुष्कर ने कांवड़िया रूट का किया निरीक्षण
पूजा-अर्चना के बाद हुआ चिकित्सा शिविर का उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। तत्पश्चात निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने फीता काटकर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद हर्ष नाथ मिश्र ने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी भी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता महत्वपूर्ण है।

श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि CCL सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्य जारी रखेगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और उपस्थित अतिथियों के बीच फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, एरिया कंसल्टेटिव कमेटी (एसीसी) के सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। CCL की इस पहल के माध्यम से श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुलभ तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।




