धनबाद : धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के बादलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 65 वर्षीय चांद सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके 40 वर्षीय बेटे कालीपद सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही टुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
Read More : रांची पहाड़ी मंदिर में सावन को लेकर विशेष इंतजाम, 60 CCTV और 400 जवान रहेंगे तैनात
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, पिता और पुत्र अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे और दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में कालीपद सोरेन ने कुल्हाड़ी उठाकर अपने पिता पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से चांद सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए विवाद के कारण यह वारदात हुई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




